Rajasthan Panchayat Election Results 2026: राजस्थान के कुछ इलाकों में पंचायत चुनाव संपन्न हो चुके हैं. तो कुछ जगहों पर चुनाव होना अभी बाकी है. जहां-जहां चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं वहां कुछ ऐसे हैरान कर देने वाले परिणाम देखने को मिले हैं. जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. इसी तरह सोशल मीडिया पर लाखों-करोड़ों लोगों का प्यार पाने वाले इन्फ्लुएंसर पवन साहू को चुनावी मैदान में बड़ा झटका लगा है. चुनाव परिणाम में उनकी पत्नी तीसरे नंबर पर रही हैं.
पवन साहू के यूट्यूब पर 2.7 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर करीब 70 लाख फॉलोअर्स हैं. इसके बाद भी वे अपनी पत्नी को सरपंच नहीं बनवा सके. उन्होंने पत्नी कोमल साहू के लिए जमकर प्रचार किया. लेकिन, सोशल मीडिया की वायरलिटी गांव की वोटिंग में तब्दील नहीं हो पाई. नतीजा यह रहा कि कोमल को महज 277 वोट मिले और उन्हें तीसरे नंबर पर रहीं.
कैसा रहा पूरा चुनाव का परिणाम
पूरा मामला राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा पंचायत समिति की फूलियाखुर्द ग्राम पंचायत का है. यहां सरपंच पद के चुनाव में भगवतीलाल सोनी ने शानदार जीत दर्ज की. उन्हें कुल 1203 वोट मिले. वहीं, पूर्व सरपंच कालूराम जाट 797 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे. पवन साहू की पत्नी कोमल साहू को केवल 277 वोट मिले. इस तरह दोनों प्रमुख उम्मीदवारों के मुकाबले वह काफी पीछे रह गईं.
गांव में नहीं चला करोड़ों फॉलोअर्स का जादू
पवन साहू की पहचान देश के चर्चित फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स में होती है. उनके यूट्यूब चैनल पर 2.7 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं. इंस्टाग्राम पर करीब 70 लाख और फेसबुक पर 30 लाख से ज्यादा लोग उन्हें फॉलो करते हैं. देसी अंदाज में वर्कआउट, बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस से जुड़े वीडियो के कारण उनकी देशभर में पहचान है.
वोटिंग के दौरान पुलिस से भी हुई थी बहस
चुनाव के दौरान पवन साहू का पुलिसकर्मियों से विवाद भी चर्चा में रहा था. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर पुलिस से बहस की थी. इस दौरान मामला बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें मतदान केंद्र से बाहर कर दिया था.
आखिरकार चुनाव परिणाम ने बता दिया कि करोड़ों की ऑनलाइन फैन फॉलोइंग हर जगह वोटों में नहीं बदलती है. राजस्थान पंचायत चुनाव में इस तरह का यह दूसरा मामला है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter