धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जहरीले सांप के डसने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम अटंग की है। बताया जा रहा है कि गिरिराज सिंह रात में अपने घर में बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान साइलेंट किलर कहे जाने वाले कॉमन करैत सांप ने उसे दो बार डस लिया।
सांप ने पहले कान, फिर हाथ पर डसा
जानकारी के अनुसार, रात में सोने के दौरान करैत सांप ने गिरिराज को पहले कान पर डसा। इसके बाद सांप ने उसके हाथ पर भी डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद परिजनों ने मौके पर ही सांप को मार दिया। इसके बाद वे आनन-फानन में गिरिराज को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही गिरिराज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter