जमानत पर छूटे आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या की, फिर केंद्र में लगाई फांसी

बालोद जिले में जमानत पर रिहा हुए दुष्कर्म के आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम फरदफोड़ की है।

मृतका की पहचान उगेश्वरी देवांगन (54) और आरोपी की पहचान लखन देवांगन (57) के रूप में हुई है। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध बताए जा रहे हैं। हाल ही में महिला ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। 3 फरवरी को वह जमानत पर बाहर आया था।

गुरुवार दोपहर करीब एक बजे आरोपी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा, जहां महिला कार्यकर्ता के रूप में पदस्थ थी। उस समय कुछ बच्चे अंदर खाना खा रहे थे और अन्य बाहर खेल रहे थे। आरोपी ने सहायिका से बच्चों को बाहर ले जाने को कहा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने चाकू से महिला के सिर, गले, सीने और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने केंद्र में लगे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि आरोपी फंदे से झूल रहा था।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने 13 जनवरी को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Check Also

Ambikapur: प्रोफेसर ने कॉलेज की छात्रा को भेजा अश्लील मैसेज, FIR दर्ज, हाई कोर्ट ने जमानत याचिका की खारिज

Ambikapur: अंबिकापुर में एक असिस्टेंट प्रोफेसर के द्वारा छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *