Breaking News

Bhopal: गड़े धन की चाह में अंधविश्वासी पिता बना हैवान, तांत्रिक के कहने पर कर दी बेटी की हत्या, एक महीने बाद मिला कंकाल

Bhopal News: राजधानी के सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और गढ़े धन की लालच से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने कथित तांत्रिक के बहकावे में आकर अपनी ही नाबालिग बेटी की हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को दूसरे खेत में दफना दिया और अगले ही दिन बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश की.

करीब एक महीने बाद खेत की जुताई के दौरान कंकाल मिलने से पूरे मामले का खुलासा हुआ. घटना के बाद फरार हुए आरोपी पिता को पुलिस ने लगभग तीन महीने बाद विदिशा जिले के गंजबासौदा से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपित अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.

गढ़े धन के लालच में बुलाया तांत्रिक
पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे के मुताबिक, आरोपी मजदूरी करने के साथ एक किसान के खेत की रखवाली भी करता था. मार्च 2025 में उसके एक रिश्तेदार ने खेत की मेढ़ पर पुरानी ईंटें देखकर दावा किया कि वहां जमीन के भीतर पुराना खजाना दबा हो सकता है. इसी बात पर भरोसा करते हुए आरोपी ने पास के गांव से एक कथित तांत्रिक को बुलाया. दो अप्रैल की रात वह खेत पर पहुंचा, जहां आरोपी का पूरा परिवार मौजूद था.

अंधविश्वास में पिता ने कर दी बेटी की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि तांत्रिक ने अनुष्ठान के दौरान लड़की को खेत की मेढ़ पर बुलवाया और कुछ देर बाद यह कहकर डर पैदा किया कि उसके शरीर में कोई अलौकिक शक्ति प्रवेश कर गई है. उसने यह भी कहा कि यदि लड़की को नहीं मारा गया तो परिवार पर बड़ा संकट आ जाएगा. अंधविश्वास में फंसे पिता ने पहले बेटी के सिर पर डंडे से हमला किया. जब वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी सांसें चल रही थीं, तब उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को पास के खेत में बने गड्ढे में दफना दिया गया.

गुमशुदगी का किया नाटक
अगले दिन आरोपी ने पत्नी से कहा कि बेटी कहीं लापता हो गई है और दोनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज करा दी. लेकिन सात मई को उसी खेत की जुताई के दौरान मानव कंकाल और कपड़े मिलने से मामला पूरी तरह बदल गया. कपड़ों के आधार पर मृतका की पहचान हुई. पुलिस जब आगे की कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया.

आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी
आरोपी की पत्नी ने भी पुलिस को उसके व्यवहार पर शक होने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार उसे गंजबासौदा से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपनी बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. वहीं, कथित तांत्रिक और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले में अंधविश्वास के नाम पर रची गई साजिश और अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है.

Check Also

न दहेज, न लग्जरी कार… बैलगाड़ी पर दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, अनोखी शादी की हर कोई कर रहा तारीफ

Eco Friendly Dowry Free Marriage: झारखंड में एक जोड़े ने समाज को अच्छा संदेश देने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *