Breaking News

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में सोने की चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों रुपये बरामद

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में यात्रा कर रहे एक यात्री से लाखों रुपये मूल्य के सोने के बिस्किट (Gold biscuits) चुराने वाले शातिर चोर को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय सोनू चंद के रूप में हुई है, जो दिल्ली का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जो चोरी किए गए सोने की बिक्री से प्राप्त होने का संदेह है। इस मामले के सुलझने से सोने के कारोबार से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, अमित संतरा की शिकायत पर 11 जुलाई को राजा गार्डन मेट्रो थाने में सोना चोरी का मामला दर्ज किया गया था। संतरा ने बताया कि बहादुरगढ़ से शादीपुर मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो ट्रेन में यात्रा के दौरान उनके बैग से 141.670 ग्राम सोने के बिस्कुट चोरी हो गए थे।मामले को सुलझाने और चोरी हुए सोने की बरामदगी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में राजा गार्डन मेट्रो थाने और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। विभिन्न मेट्रो स्टेशनों और ट्रेन के डिब्बों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद संदिग्ध की पहचान की गई और उसे चरणबद्ध तरीके से ट्रैक किया गया।23 जुलाई को मुख्य आरोपी सोनू चंद को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और बताया कि उसने चोरी किए गए सोने के बिस्कुट बेच दिए थे, जिससे मिले पैसे उसने अपने घर पर छिपा रखे थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 3 लाख रुपये बरामद किए।जांच में सोनू के दो अन्य साथियों, 31 वर्षीय जय प्रकाश तिवारी और 21 वर्षीय सुमित शिंदे, का पता चला, जो करोल बाग के बीडनपुरा में एक सोने और चांदी की रिफाइनरी के मालिक हैं।

पुलिस ने सोनू चंद और सुमित शिंदे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जय प्रकाश तिवारी को कानूनी प्रावधानों के तहत बंदी बनाया गया। सुमित शिंदे को आगे की जांच के लिए पीसी रिमांड पर लिया गया है, और चोरी की शेष संपत्ति की तलाश में छापेमारी जारी है।पुलिस के अनुसार, सोनू चंद भीड़भाड़ वाली मेट्रो में यात्रियों को निशाना बनाता था। वह भीड़ वाले डिब्बों में यात्रियों का ध्यान भटकाकर उनके बैग से नकदी और गहने चुरा लेता था और अगले स्टेशन पर तेजी से उतर जाता था। वर्तमान में तंबाकू और पान विक्रेता के रूप में काम करने वाला सोनू पहले से ही दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज छह चोरी के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Check Also

दिल्ली जल मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा दावा: पानी और सीवर सुधारने के लिए नए प्रोजेक्ट्स, DJB घर की टंकियां साफ करने खुद आएगा

नई दिल्ली। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने राजधानी में पानी और सीवर की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *