रीवा। नवनिर्मित एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली नियमित उड़ान अचानक रद्द कर दी गई और उसकी जानकारी पैसेंजर्स को तब मिली जब वे फ्लाइट के समय पर एयरपोर्ट पहुंचे। वहीं अचानक मिली इस जानकारी से यात्रियों ने एयरपोर्ट में जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरेध दर्ज कराया।
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मिली कैंसिलेशन की जानकारी
यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट रद्द होने की सूचना उन्हें समय रहते नहीं दी गई। कई यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें उड़ान निरस्त होने की जानकारी मिली। यात्रियों का कहना है कि यदि उन्हें पहले सूचना दी जाती तो वे ट्रेन, बस या सड़क मार्ग से दिल्ली जाने की वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। लेकिन अंतिम समय में फ्लाइट रद्द होने से उनके सामने अचानक यात्रा का संकट खड़ा हो गया।
यात्रियों के जरूरी काम हुए प्रभावित
दिल्ली जाने वाले यात्रियों में कई ऐसे भी थे, जिन्होंने पहले से अपनी यात्रा के आधार पर जरूरी कार्यक्रम तय कर रखे थे। किसी को नौकरी से जुड़े काम के लिए दिल्ली पहुंचना था तो किसी की परीक्षा, बैठक और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां निर्धारित थीं। फ्लाइट रद्द होने के चलते यात्रियों की पूरी यात्रा योजना प्रभावित हो गई। अब उन्हें दूसरे माध्यमों से दिल्ली पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ सकता है।
नारेबाजी कर जताई नाराजगी
उड़ान रद्द होने की जानकारी के बाद यात्रियों का आक्रोश बढ़ गया। यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा करते हुए एयरलाइन और प्रबंधन से जवाब मांगा। यात्रियों ने फ्लाइट रद्द होने का स्पष्ट कारण बताने, टिकट और रिफंड की जानकारी देने के साथ ही जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
यात्रियों की मांग-समय रहते दी जाए सूचना
यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट के रद्द या विलंबित होने की स्थिति में एयरलाइन को यात्रियों को समय रहते सूचना देनी चाहिए जिससे वे अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था कर सकें।
उन्होंने यह भी मांग की कि उड़ान रद्द होने की स्थिति में रिफंड, टिकट और वैकल्पिक यात्रा से जुड़े नियमों की जानकारी यात्रियों को स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए। आधिकारिक कारण का इंतजार फ्लाइट रद्द होने के बाद देर रात तक एयरपोर्ट परिसर में नाराजगी और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि उड़ान अचानक क्यों रद्द की गई इसे लेकर एयरलाइन प्रबंधन की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। आधिकारिक कारण सामने आने के बाद ही फ्लाइट कैंसिल होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter