Indore News: मध्यप्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर आई है. दरअसल, यहां के गांधी हॉल परिसर में जर्मन महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. यह सब तब हुआ जब महिला सेल्फी ले रही थी. तभी वहीं मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने आपत्तिजनक हरकत की.
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार जर्मन महिला दिल्ली की एक बड़ी कंपनी में नौकरी करती है और काम के सिलसिले में इंदौर आई थी. वह गांधी हॉल में सेल्फी ले रही थी, तभी वहां सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले युवक ने उसके साथ बदतमीजी की.
वहीं, घटना के बाद महिला ने तुरंत पुलिस से शिकायत की. MG रोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया. वह मूल रूप से सीहोर का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार दीपक घटना के समय नशे में था. घटना से महिला घबरा गई थी.
पिछले साल भी हुई थी ऐसी घटना
इंदौर में विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले साल एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी. उस मामले में बदमाश अकील ने खिलाड़ी के साथ बैड टच किया था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में महिलाओं और विदेशी मेहमानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter