Breaking News

CG News: नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो गांजा के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 150 किलो 750 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है. इस मामले में पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, तस्करी में प्रयुक्त दो क्रेटा कार (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) और तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत करीब 15 हजार रुपये) भी जब्त किए गए हैं. इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 95 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है.

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को अवैध गांजा तस्करी की रोकथाम, एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश मिले थे. इसी क्रम में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों से भारी मात्रा में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन व मोबाइल फोन जब्त किए गए.

पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कृत्य नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पाए जाने पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है.

गिरफ्तार आरोपी:

  • तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन (29), निवासी मनकेश्वरी मंदिर प्लॉट, वार्ड नंबर 03, सोनपुर, ओडिशा
  • प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन (25), निवासी मृत्युंजयपुर, थाना मनमुंडा, जिला बौद्ध, ओडिशा
  • दीनबंधु मिश्रा (39), निवासी बुदेलबाडली, थाना तोरवा, जिला सोनपुर, ओडिशा

जब्त सामग्री:

  • 8 सफेद प्लास्टिक बोरियों में भरा 150 किलो 750 ग्राम गांजा (कीमत 75 लाख रुपये)
  • 2 क्रेटा कार (कीमत 20 लाख रुपये)
  • 3 टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत 15 हजार रुपये)

पुलिस ने बताया कि बीते एक माह में जिले में अब तक कुल 860 किलो अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये है. यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बसना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई.

Check Also

Surajpur Suicide Case: पत्थरों से भरी बोरी पैरों में बांधकर युवक ने कुएं में लगाई छलांग, सूरजपुर में सनसनी

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *