रायपुर के डुमरतराई थोक मार्केट में दिवाली की रात भीषण अग्निकांड, तीन दुकानें जलकर खाक

रायपुर। रायपुर के डुमरतराई थोक मार्केट में दीपावली की देर रात आग लग गई। अनाज मंडी की एक दुकान में लगी आग तीन दुकानों तक फैल गई। जब तक आग बुझाई जाती करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।

मिली जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर की देर रात डुमरतराई थोक मार्केट की तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने वाली दुकानों में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी शामिल हैं। ये दुकानें मंडी परिसर में B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। सूचना मिलते ही माना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

धमाकों की आवाज ने डराया
बताया जा रहा है कि दुकानों में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी से जुड़े सामान बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग के दौरान दुकानों के भीतर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

SDRF के साथ निजी प्लांटों से बुलाए गए 10 दमकल वाहन
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया। टीमें काफी मशक्कत कर आग बुझाने में जुटी रहीं।

करोड़ों के नुकसान की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Check Also

सर्दियों में गर्म पानी से नहाना स्किन के लिए कितना सुरक्षित? ज्यादा गर्म पानी से बढ़ सकती है खुजली और रूखापन

लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों में गर्म पानी से नहाना किसे अच्छा नहीं लगता! ठंड के मौसम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *