Breaking News

रायपुर में होली से पहले सख्ती: 130 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई

रायपुर। होली पर्व को देखते हुए राजधानी में यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। नशे की हालत में तेज रफ्तार वाहन चलाकर खुद और अन्य राहगीरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर शहरभर में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

42 चेकिंग पॉइंट, देर रात तक अभियान
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात/प्रोटोकॉल) दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में कुल 42 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। शाम से देर रात तक ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच अभियान चलाया गया।

किन वाहनों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक तथा 15 टाटा एस, पिकअप और ई-रिक्शा वाहन चालकों को नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वाहन जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को यातायात मुख्यालय परिसर और संबंधित यातायात थानों में सुरक्षित रखा गया है। होली के बाद इन मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रति मामले में 10 हजार से 15 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

होली तक जारी रहेगी सख्ती
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर होली तक विशेषकर रात्रि में चेकिंग अभियान जारी रहेगा। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और त्योहार के दौरान जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करें।

Check Also

Raipur Ganesh Chaturthi: 50 हजार से ज्यादा सिक्कों से सजे ‘सिक्कों वाले बप्पा’, देवपुरी की अनोखी गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

रायपुर. गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर में इस बार भक्ति और कला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *