Bihar New CM: बिहार में इन दिनों चुनावी राज्यों से ज्यादा सियासी पारा चढ़ा हुआ है. मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जानें के बाद से ही सब ये जानना चाहते हैं कि अगला सीएम कौन होगा. इस बीच नीतीश कुमार आज गुरुवार (9 अप्रैल ) को दिल्ली जा रहे हैं. कल यानी कि 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे. इसी के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा ये तय किया जाएगा. हालांकि जेडीयू ने भी साफ कर दिया है कि अब प्रदेश की कमान बीजेपी के हाथ में ही होगी.
बिहार की राजधानी पटना में सोमवार 13 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हो सकती है. इसके बाद ही वे सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं. सीएम पद से नीतीश के इस्तीफे के बाद औपचारिक रूप से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
किस दल से होगा बिहार का अगला सीएम
बिहार को लेकर सबके मन में सवाल उठ रहे हैं कि नीतीश के बाद कौन होगा जो बिहार को संभालेगा. ऐसे भी कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश के बाद निशांत को जिम्मेदारी दी जा सकती है. उनके समर्थक भी इस तरह की मांग कर रहे हैं. हालांकि . जेडीयू के दिग्गज नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार में भाजपा बड़ी पार्टी है, ऐसे में प्रदेश को लीड करने की जिम्मेदारी उन्हें ही अब लेनी चाहिए.
अब नहीं होगा बिहार में कोई खेला
विजय चौधरी के इस बयान से साफ हो गया कि अब जेडीयू का सीएम नहीं रहने वाला है. बिहार का अगला सीएम जो भी होगा वह भारतीय जनता पार्टी से ही होगा. ऐसा जरूर हो सकता है कि जेडीयू को बड़े पद दिए जा सकते हैं. मतलब साफ है कि राज्य में खेला होने की कोई उम्मीद नहीं है. बीजेपी को अब अपना नया मुख्यमंत्री चुनना है. बिहार में नए सीएम की करें तो रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है.उनके अलावा भी कई बीजेपी नेता सीएम पद की दावेदारी कर रहे हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में देखना होगा कि बिहार में क्या बदलाव देखने को मिलता है.
बैठक के बाद तय होगा बिहार का फॉर्मूला
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर बैठकों का दौर जारी है. इस पर अंतिम फैसला एनडीए की बैठक में लिया जाएगा. इसमें सरकार के साथ साथ मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चा की जा सकती है.
गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम
बिहार में सीएम को लेकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि NDA में बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर कहीं कोई मतभेद नहीं है. जल्द ही बिहार को नया सीएम मिलेगा. ऐसा माना जा रहा है कि 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है. इसके लिए पटना के गांधी मैदान में भव्य आयोजन किया जाएगा.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter