उज्जैन में गोलीकांड की झूठी साजिश का खुलासा: आगजनी मामले में 13 आरोपी नामजद, खुद को गोली मारकर दूसरे को फंसाने की साजिश

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में सामने आए गोलीकांड और आगजनी के मामलों में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दोनों घटनाओं में अहम कार्रवाई की है । पुलिस जांच में सामने आया है कि गोली लगने की घटना एक सोची-समझी झूठी साजिश थी, जबकि आगजनी मामले में 13 आरोपियों को नामजद किया गया है ।

पुलिस के अनुसार अतीक माहुरकर ने पहले रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसे आला बाथम द्वारा गोली मारी गई है । इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन विवेचना के दौरान बयान और साक्ष्यों में विरोधाभास सामने आए । घटनास्थल पर खून के निशान कम मिले, जबकि दूसरे स्थान पर ज्यादा रक्त पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध हो गया ।

सख्ती से पूछताछ करने पर अतीक माहुरकर ने स्वीकार किया कि उसने अवैध देशी कट्टे से खुद को गोली मारकर दूसरे को फंसाने की साजिश रची थी । घटना के दौरान कट्टा लोड करते समय अचानक फायर हुआ, जिससे उसके पैर में गोली लग गई । इसके बाद उसने फर्जी घटनास्थल तैयार कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया । इस साजिश में उसके साथियों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्होंने साक्ष्य छिपाने और खून फैलाकर झूठा घटनाक्रम बनाने में मदद की ।

वहीं दूसरी ओर ढांचा भवन क्षेत्र में रौनक गुर्जर के मकान पर आगजनी की घटना में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है । CCTV फुटेज में आरोपी पेट्रोल, हथियारों और वाहनों के साथ आते हुए दिखाई दिए, जिन्होंने पहले रैकी की और फिर आगजनी की घटना को अंजाम दिया । पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है ।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोलीकांड की घटना एफएसएल और चिकित्सकीय राय के आधार पर खुद द्वारा की गई पाई गई है । वहीं आगजनी मामले में भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है । दोनों ही मामलों में शामिल आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, जिनमें कई पहले से जिलाबदर या गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं ।

एसपी प्रदीप शर्मा ने यह भी बताया कि एक आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने भागने की कोशिश की, जिससे उसे हाथ-पैर में चोट आई है । फिलहाल पुलिस टीम लगातार दबिश देकर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है । गौरतलब है कि इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में इन बदमाशों का जुलूस भी निकाला गया था।

Check Also

रेलवे का फैसला बना जनसंकट! रास्ता बंद, हजारों लोग प्रभावित, अब किसानों के लिए मुआवजे की मांग हुई तेज

चंदौली. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सिकटिया–परशुरामपुर क्षेत्र में रेलवे प्रबंधन की ओर से एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *