Telangana ACB Raid: देशभर में इस समय अलग-अलग राज्यों में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की छापेमारी देखने को मिल रही है. लगातार हो रही इस तरह की छापेमारी में कई ऐसे अधिकारी सामने आ रहे हैं, जिनकी सैलरी महज कुछ हजार रुपये है. लेकिन उनकी संपत्ति करोड़ों-अरबों रुपये की मिल रही है. यही वजह है कि उनकी ईमानदारी और काम करने के तरीके पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं.
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने इसी कड़ी में तेलंगाना में छापेमारी की है. यह छापेमारी एक सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर की गई है. छापेमारी में टीम को प्लॉट, फ्लैट, आलीशान विला, सोना, चांदी, लग्जरी गाड़ियां मिली हैं. यह देखकर टीम खुद भी हैरान रह गई.
100 करोड़ से ज्यादा की मिली संपत्तियां
हैदराबाद महानगर विकास प्राधिकरण (HMDA) के मुख्य अभियंता बी. रविंदर के ठिकानों पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की छापेमारी में ऐसी संपत्तियां मिली हैं, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. इस खुलासे ने सरकारी महकमों में अवैध संपत्ति के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है.
कैसे पहुंचा 100 करोड़ का आंकड़ा?
जांच एजेंसी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में रविंदर और उनसे जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच में कई ऐसी अचल और चल संपत्तियां सामने आईं हैं.जिनकी कीमत सरकारी रिकॉर्ड में कम दर्ज है, लेकिन बाजार के हिसाब से उनकी कीमत कई गुना अधिक मानी जा रही है. इसी वजह से कुल संपत्ति का अनुमान 100 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है.
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम को छापेमारी के दौरान पांच प्लॉट, चार फ्लैट, एक आलीशान विला के साथ-साथ कई एकड़ जमीन के कागज और सोना चांदी बरामद हुआ है. इसके अलावा कुछ नकदी के साथ-साथ लग्जरी कारों का कलेक्शन भी मिला है. फिलहाल इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही टीम ने जांच भी शुरू कर दी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter