LPG Crisis: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती हुई दिखाई दे रही है. बीते दो महीने में सिलेंडर के लिए भटक रहे लोगों को राहत मिली थी. स्थिति सामान्य हुई सर्वर पटरी पर लौटा और बुकिंग व आपूर्ति दोनों बहाल हो गई थी, लेकिन इधर बीच एक बार फिर सर्वर की रफ्तार धीमी हो गई है.
यही कारण है कि उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग करने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उपभोक्ता घरेलू सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे. बुकिंग के लिए करीब आधा से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा. वहीं जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं है, उन सभी की आपूर्ति को रोककर इसको पूरा किया जा रहा है.
जिले में 40 से ज्यादा एजेंसी और गाेदाम
आपको बता दें कि अमेरिका-ईरान और पश्चिम एशिया के संघर्ष के चलते मार्च में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग और आपूर्ति प्रभावित हुई थी. जानकारी के अनुसार जिले में करीब साढ़े 4 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनको एलपीजी सिलेंडर देने के लिए इंडेन, भारत, एचपी कंपनी की करीब 40 से ज्यादा एजेंसी और गोदाम है.
उपभोक्ता सुविधा के लिए एजेंसी पर उपभोक्ताओं द्वारा नंबर और मैसेज के जरिए बुकिंग की जा सकती है. कुछ दिनों से बुकिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बुकिंग के लिए हफ्तों परेशान हुए लोग
शहर के कोलार में स्थित इंडेन एजेंसी पर बुकिंग नहीं होने से परेशान उपभोक्ताओं ने बताया कि करीब 3 दिन से बुकिंग करने का प्रयास उनके द्वारा किया जा रहा है, लेकिन सिलेंडर के लिए बुकिंग नहीं हो पा रही. वे एजेंसी पहुंचे तो वहां बताया गया है कि सर्वर की समस्या है रात में 12 बजे सिलेंडर के लिए बुकिंग करें. ऐसे में सिलेंडर के लिए परेशाल लोगों को एक हफ्ते तक परेशान होना पड़ा.
एजेंसी संचालकों ने बताया कि सर्वर की रफ्तार धीमी होने के कारण बुकिंग में समस्या आ रही है, लेकिन वहीं रात के समय जल्दी बुकिंग हो जाती है.
वहीं जिन भी उपभोक्ताओं ने ईकेवाइसी नहीं की है, उनको सिलेंडर आपूर्ति से रोका गया है. ऐसे में मौके पर मौके पर ही ई-केवाईसी करने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter