रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मीसाबंदियों (लोकतंत्र सेनानियों) के लिए बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान अधिनियम में संशोधन करते हुए पात्र मीसाबंदियों को हर महीने 25 हजार रुपये सम्मान राशि देने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के समान चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार के इस फैसले से लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। संशोधन के बाद सम्मान योजना के दायरे का भी विस्तार किया गया है, जिससे अधिक पात्र लोगों को इसका फायदा मिल सकेगा।
छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी ला सकती है IPO
वहीं, राज्य की सरकारी कंपनी छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है। यदि कंपनी का आईपीओ (IPO) लाया जाता है, तो यह छत्तीसगढ़ की पहली सरकारी कंपनी होगी जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर आम लोगों को हिस्सेदारी का अवसर देगी।
कंपनी फिलहाल आईपीओ की संभावनाओं पर विचार कर रही है और इसके लिए प्रारंभिक रूपरेखा तैयार की जा रही है। आईपीओ आने के बाद कंपनी अपने कुछ शेयर आम निवेशकों के लिए जारी करेगी, जिनकी खरीद-बिक्री शेयर बाजार में की जा सकेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत
छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी की कुल संपत्ति लगभग 6,281 करोड़ रुपये है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 207 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जबकि 2023-24 में यह लाभ 61.13 करोड़ रुपये था। कंपनी पर वर्तमान में करीब 1,040 करोड़ रुपये का ऋण है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी कंपनियां आईपीओ के जरिए पूंजी जुटा रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में चर्चा चल रही है, हालांकि अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।
आईपीओ के जरिए पूंजी जुटने से कंपनी को विस्तार योजनाओं में मदद मिलेगी और बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में निवेशकों को लाभांश (डिविडेंड) और शेयर मूल्य में बढ़ोतरी का लाभ भी मिल सकता है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter