पिता 4 महीने से ऑक्सीजन पर, FIR के लिए दर-दर भटक रहा बेटा; सिलेंडर कंधे पर लेकर SP ऑफिस पहुंचकर जताया विरोध

ग्वालियर। ग्वालियर में न्याय के लिए एक बेटे का अनोखा विरोध देखने को मिला। पिता चार महीने से जिंदगी के लिए जूझ रहे हैं,लेकिन आरोप है कि हादसे के चार महीने बाद भी FIR दर्ज नहीं हुई। ऐसे में नाराज बेटा कंधे पर ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर SP ऑफिस पहुंच गया। बेटे ने पुलिस से कहा की मेरे पिता आज भी ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जिस तरह मेरी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही,उससे लगता है कि इस ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत अब पुलिस और बिजली विभाग के जिम्मेदारों को है।

क्या है पूरा मामला ?
ये तस्वीर ग्वालियर के SP ऑफिस की है,कंधे पर ऑक्सीजन सिलेंडर और हाथ में शिकायत। ये हैं हिमांशु शर्मा,जो अपने पिता को न्याय दिलाने के लिए कुछ इस अंदाज में SP ऑफिस पहुंचे,हिमांशु का कहना है कि उनके पिता हरिओम शर्मा 28 अप्रैल 2026 को हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर में खाटू श्याम जी मंदिर के पास लाइन नंबर-1 पर ड्यूटी के दौरान गंभीर विद्युत हादसे का शिकार हुए थे।हादसे के बाद से पिता की हालत ऐसी है कि उन्हें आज भी ऑक्सीजन के सहारे रहना पड़ रहा है,हिमांशु का आरोप है कि हादसा विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हुआ,लेकिन हादसे को करीब चार महीने बीत गए,पिता अस्पताल और ऑक्सीजन के सहारे हैं और बेटा FIR के लिए थाने से लेकर बिजली विभाग और SP कार्यालय तक चक्कर लगा रहा है,हिमांशु का कहना है कि उसने कई बार अधिकारियों को आवेदन दिए,लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई।

हिमांशु ने अधिकारियों के सामने ऑक्सीजन सिलेंडर रखकर अपना दर्द बयां किया। उसका कहना था कि “मेरे पिताजी अभी भी ऑक्सीजन पर हैं, अगर मेरी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही, तो लगता है इस ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत मुझे नहीं, कार्रवाई न करने वाले जिम्मेदार लोगों को है।”,हिमांशु ने अपने आवेदन में विद्युत हादसे के लिए पांच अधिकारियों कर्मचारियों को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।आवेदन में जिनके नाम दिए गए हैं, उनमें….

– प्रीति बरैया, उपमहाप्रबंधक STM…
– रोहित सिंह, प्रबंधक बिरला नगर जोन
– अजय नामदेव, सहायक प्रबंधक STM
– शशांक कुलश्रेष्ठ सहायक प्रबंधक STC
– मोहसिन बेग, सब-स्टेशन ऑपरेटर

हिमांशु ने SP से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने,तत्काल FIR दर्ज करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं SP कार्यालय पहुंचे हिमांशु को पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि हिमांशु के इस अनोखे विरोध के बाद पुलिस मामले में FIR दर्ज करती है या फिर परिवार को न्याय के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।

Check Also

जेल में प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला फोन और पेन ड्राइव ,पूर्व पीएम देवगौड़ा के पोते की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

Prajwal Revanna Jail Controversy Bengaluru: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का पोता प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु स्थित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *