जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर में साइबर ठगों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। शातिर ठगों ने अब शहर के बैंक अधिकारियों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में एक निजी बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत तीन लोगों के बैंक खाते साइबर ठगों ने खाली कर दिए हैं। ठगों ने ठगी के लिए व्यू एंड पे चालान लिंक, बाइक बीमा रिन्यूअल और इंस्टाग्राम पर ऐप इंस्टॉल कराने जैसे नए-नए पैंतरे अपनाए हैं, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
डिप्टी मैनेजर को ऐसे बनाया शिकार
जबलपुर में एक निजी बैंक में बतौर डिप्टी मैनेजर कार्यरत अधिकारी को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। ठगों द्वारा भेजे गए एक व्यू एंड पे चालान लिंक पर जैसे ही उन्होंने क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन पलभर में हैक हो गया। मोबाइल का नियंत्रण ठगों के हाथ जाते ही उनके बैंक खाते से 49,590 रुपये पार हो गए।
बीमा रिन्यूअल और इंस्टाग्राम रील्स के जरिए ठगी
यह केवल एक मामला नहीं है, बल्कि शहर में इन दिनों इस तरह की वारदातों में तेजी आई है। साइबर ठग लोगों को झांसे में लेने के लिए बाइक बीमा रिन्यूअल कराने और इंस्टाग्राम पर आकर्षक रील्स या ऐप इंस्टॉल करने के नाम पर लिंक भेज रहे हैं। जैसे ही लोग इन लिंक पर क्लिक करते हैं या बताए गए ऐप को डाउनलोड करते हैं, उनके मोबाइल का डेटा और बैंकिंग डिटेल्स ठगों के पास पहुंच जाती हैं और खाते से पैसे कटने शुरू हो जाते हैं।
इस तरह की बढ़ती वारदातों के बाद पुलिस और साइबर सेल एक बार फिर लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही सोशल मीडिया के जरिए किसी संदिग्ध ऐप को अपने फोन में इंस्टॉल करें।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter