रायडीह (गुमला)। रायडीह थाना क्षेत्र के ऊपरखोर गांव में सोमवार रात अचानक हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। नवागढ़ पतराटोली पंचायत के इस गांव में घरेलू एलपीजी सिलेंडर फटने से एक मिट्टी का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका इतना तेज था कि घर की दीवार ढह गई और खपरैल की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा।
रात में हुआ जोरदार विस्फोट
गृहस्वामी आर्टिकोस मिंज के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। शाम के समय वह अपने बेटे के साथ डूमरटोली गांव स्थित अपनी बहन के घर सोने चले गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि उनके घर में तेज धमाका हुआ है। सूचना मिलने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई।
सुबह घर पहुंचे तो मंजर देख रह गए दंग
आर्टिकोस मिंज मंगलवार सुबह अपने घर पहुंचे तो मकान की हालत देखकर हैरान रह गए। रसोई में रखा एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण घर की दीवार टूटकर गिर चुकी थी। खपरैल की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
विस्फोट के कारण घर के अंदर रखे बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी बर्बाद हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घर खाली होने से टली जनहानि
घटना के वक्त गृहस्वामी और उनका बेटा घर पर नहीं थे। दोनों के रिश्तेदार के यहां चले जाने की वजह से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सिलेंडर फटने से मकान को काफी नुकसान हुआ है और परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter