Bhopal: भोपाल में शादी रिसेप्शन के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट, लाखों का सामान जलकर खाक

Bhopal News: भोपाल के भौंरी इलाके में स्थित एक होटल एंड रिसोर्ट में सोमवार रात शादी के रिसेप्शन के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वहां रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जबकि आग की लपटें करीब 50 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं. घटना के बाद मौके पर मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे होटल प्ले एंड रिसोर्ट में रिसेप्शन कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने की वजह संभवतः शॉर्ट सर्किट हो सकती है. आग फैलते-फैलते एक गैस सिलेंडर तक पहुंच गई, जिससे जोरदार धमाका हो गया. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया.

दमकल गाड़‍ियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. आग बुझाने की कार्रवाई देर रात करीब 12 बजे तक जारी रही. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहां सिलेंडर फटा, वहां कुछ देर पहले तक गाड़ियां खड़ी थीं. यदि उस समय विस्फोट होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

जेसीबी से हटाया जला हुआ सामान
आग बुझाने के बाद जेसीबी की मदद से जले हुए सामान को हटाया गया और प्रभावित हिस्से को साफ किया गया. देर रात तक दमकल की टीमें मौके पर मौजूद रहीं. इलाके में धुआं निकलने की स्थिति को देखते हुए एहतियातन दमकलों को वहीं तैनात रखा गया है.

Check Also

UP में खाकी का खौफ खत्म! सेना के जवानों समेत 2 घरों में सेंधमारी, नगदी समेत 12 लाख के गहने ले उड़े शातिर

बहराइच. बीती रात चोरों ने देश की सुरक्षा में तैनात तीन सेना के जवान के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *