रायपुर में 21 सितंबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत की कथा! इंद्रेश महाराज सुनाएंगे 7 दिन तक कथा, जानें पूरा शेड्यूल

रायपुर। प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज की श्रीमद्भागवत कथा 21 से 27 सितंबर तक राजधानी रायपुर के कृषि उपज मंडी ग्राउंड देवेंद्र नगर में होने जा रहा है। इस सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की व्यापक तैयारी की गई है, क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन महाराज की कथा का श्रवण करने पहुंचते हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुजनों में भारी उत्साह है।

प्रमुख सेवादारी गुंजन प्रजापति ने आयोजन के संदर्भ में बताया कि इन्द्रेश महाराज के बारे में सनातनी लोगों को बताने की जरूरत नहीं है। जिनकी वाणी में श्री हरि की भक्ति, विचारों में सनातन संस्कृति की सुगंध और संदेशों में जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा है, उनकी कथा ह्दय को भक्ति से जोड़ने का एक सुंदर माध्यम है। कथा स्थल का आयोजन कृषि उपज मंडी ग्राउंड देवेन्द्रनगर में इसलिए किया जा रहा है कि न केवल शहर बल्कि बाहर शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा होगी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुविधाजनक ढंग से बैठकर कथा श्रवण कर सकेंगे।

बारिश के मौसम को देखते हुए पंडाल वाटरप्रुफ बनाया गया है। पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा से लेकर अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही है। कथा को व्यवस्थित रूप देने सभी सेवादारों को जिम्मेदारियां भी बांट दी गई है। आयोजन समिति व स्वागत समिति के सदस्य नामित कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद विधायक, संत-महात्मा, सभी सामाजिक व धार्मिक संगठन, शहर के विशिष्टजन, श्रद्धालुजन, मीडिया से लेकर हर वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया गया है। सामाजिक समरसता के ध्वजवाहक इन्द्रेश जी महाराज की श्रीमुख से कथा श्रवण करने लोगों में भारी उत्सुकता है। धर्मप्रेमी स्वमेव आकर अपने लिए सेवा मांग रहे हैं। कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर व साउंड सिस्टम की उचित व्यवस्था भी की गई है। हालांकि विशाल मंच से काफी दूर तक व्यासपीठ के दर्शन होंगे।

उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व भव्य कलश यात्रा 21 सितंबर को सुबह 11 बजे निकाली जाएगी, जो श्रीराम मंदिर कृषि उपज मंडी से कथा स्थल तक जाएगी। कथा सत्संग का समय रोजाना दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा। 22 सितंबर को ध्रुव चरित्र का वर्णन, 23 सितंबर को प्रहलाद चरित्र, 24 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 25 सितंबर को श्री गोवर्धन लीला महोत्सव, 26 सितंबर को श्रीकृष्ण रुक्मिणी महोत्सव व 27 सितंबर को कथा विश्रांति दिवस पर कथा विश्राम व पूर्णाहुति सुबह 11 से दोपहर 2 बजे होगी। इस दिन आरती, महाप्रसादी वितरण व आशीर्वचन होगा।
श्री इन्द्रेश जी महाराज के बारे में

इन्द्रेश महाराज का नाम काफी कम उम्र के कथावाचकों में शुमार है। स्वभाव से मधुर और सरल स्वभाव के धनी इन्द्रेश जी कथा सुनाते स्वयं इतना रम जाते हैं कि कथास्थल में श्रद्धालु भी उनके साथ भक्ति में झूमने लगते हैं। भक्ति और संगीत की उनकी शानदार जुगलबंदी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बड़ी संख्या में उनके फालोअर्स हैं। यूट्यूब पर भक्तिपथ नाम का चैनल भी काफी लोकप्रिय है। अत: रायपुर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़वासियों के लिए सौभाग्य का विषय है कि इंद्रेश महाराज स्वयं होकर उन्हें कथा श्रवण कराने पधार रहे हैं।

Check Also

‘सबूत जेब में रखे थे क्या?’ झीरम फैसले के बाद विजय शर्मा का बघेल पर तंज, NIA जांच को बताया सटीक

Jhiram Ghati Case: झीरम घाटी नरसंहार मामले अदालत ने फैसला सुना दिया है. कोर्ट के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *