Raipur News: भाठागांव बस स्टैंड पर ‘बाबू जीएसटी’ गिरफ्तार, 1.25 लाख का गांजा जब्त

रायपुर. राजधानी में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 2.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना टिकरापारा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गौरीशंकर सिंह को 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर-1 के पास एक युवक पीले रंग के थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है. सूचना के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की.

पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम शैफ अली उर्फ बाबू जीएसटी (31 वर्ष), निवासी बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा बताया. वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी के पास मौजूद पीले रंग के थैले की तलाशी ली गई. थैले में खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से पैक एक पैकेट मिला, जिसमें गांजा रखा हुआ था.

डिजिटल तराजू से तौलने पर गांजे का वजन 2.500 किलोग्राम पाया गया. पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

धमतरी के चर्चों में एंट्री के लिए आवेदन क्यों? अजय चंद्राकर ने पूछा- मंदिर-मजार जाने पर भी लगेगी पर्ची?

रायपुर। धमतरी जिले में प्रार्थना सभाओ और मतांतरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *