Breaking News

पंख नोचकर दाना डालने की राजनीति, वन मैन पार्टी बनी छत्तीसगढ़ भाजपा? मंत्रियों और नेताओं की भूमिका पर उठे सवाल, छत्तीसगढ़ में स्टालिन की कहानी सटीक बैठती है

रायपुर। इन दिनों सोवियत संघ के तानाशाह स्टालिन की एक कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही है, जो छत्तीसगढ़ भाजपा की मौजूदा स्थिति पर एकदम सटीक बैठती है।

कहानी के अनुसार, पार्टी की एक बैठक में स्टालिन एक मुर्गे को लेकर पहुंचता है और उसके पंख एक-एक कर नोंचकर फेंकने लगता है। स्वाभाविक है कि इससे मुर्गे को पीड़ा होती है और वह तड़पने लगता है। यह देखकर स्टालिन अपनी जेब से कुछ दाने निकालकर मुर्गे के सामने डाल देता है। मुर्गा सारा दर्द भूलकर दाने खाने लगता है और देखते ही देखते दर्द देने वाले स्टालिन के पैरों के पास आकर बैठ जाता है। इसके बाद स्टालिन जहां भी जाता है, मुर्गा उसके पीछे-पीछे चलता है।

छत्तीसगढ़ भाजपा की भी कमोबेश यही स्थिति है। विजय शर्मा की स्थिति भी कुछ ऐसी ही रही। पहले उनके पंख नोंचे गए और अब वे स्टालिन के आगे-पीछे घूम रहे हैं। धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत और अजय चंद्राकर जैसे भाजपा नेताओं की दशा भी इन दिनों उस मुर्गे जैसी है। हालांकि, कुछ ऐसे नेता भी हैं, जिन्होंने पंख नुचवाने के बावजूद स्टालिन के सामने डाले गए दाने नहीं चुगे।

दरअसल, प्रदेश भाजपा में तानाशाही अपने चरम पर है। हर उस आवाज को दबा दिया जाता है या खरीद लिया जाता है, जो स्टालिन के खिलाफ उठती है। आवाज दबाने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाए जाते हैं। कभी किसी के पुराने मामले खोलने की धमकी दी जाती है, तो कभी किसी के शासकीय सेवक परिजन का बस्तर तबादला कर दिया जाता है। कहने का मतलब यह है कि जिसने भी स्टालिन को चुनौती दी, उसे उसका खामियाजा भुगतना पड़ा। पहले उसके सामने मुर्गे की तरह दाने डाले जाते हैं। यदि वह दाने चुगकर स्टालिन के पैरों के पास आकर बैठ गया, तो सब ठीक है। अन्यथा उसे राजनीतिक वनवास अथवा प्रताड़ना के लिए तैयार रहना पड़ता है।

प्रदेश भाजपा में वन मैन पार्टी चल रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्टालिन के नियमित दरबारी बन चुके हैं। उन्हें अच्छी तरह समझ में आ गया है कि दुनिया की परिक्रमा करने के बजाय शिव-पार्वती की परिक्रमा करने में ही भलाई है। इसके बिना उनका राजनीतिक ध्येय पूरा नहीं हो पाएगा, क्योंकि संगठन के बड़े पदाधिकारी भी केवल स्टालिन से ही राय-मशविरा करते हैं।

कहने को तो प्रदेश में अनेक विभाग, मंडल, निगम और आयोग हैं, लेकिन वहां के पदाधिकारियों की स्थिति उस शेर जैसी है, जिसके नाखून और दांत निकाल लिए गए हों। इन दंत-नख विहीन शेरों से न तो नौकरशाह भय खाते हैं और न ही पार्टी के कार्यकर्ता उनके आसपास फटकते हैं।

स्टालिन ने मंत्रियों की भी यही स्थिति बना दी है। उनके विभागों में अपने विश्वासपात्र सचिवों की नियुक्ति कर रखी है, जो अक्सर मंत्रियों को नजरअंदाज करते हुए फैसले करते हैं। सब कुछ जानते हुए भी मंत्री इसलिए खामोश रहते हैं कि बोलने का मतलब राजनीतिक वनवास है। इससे बेहतर है कि खामोश रहकर सत्ता का सुख भोग लिया जाए। अगले चुनाव में क्या होगा, इसकी चिंता अभी से करना बेकार है। मतदाताओं के पास विकल्प नहीं होगा, तो वे फिर उन्हें ही चुनेंगे। और यदि हार भी गए, तो इतना इंतजाम तो हो ही गया है कि इस शान-शौकत के साथ अगले पांच साल आसानी से गुजर जाएंगे।

दिल्ली से लौटे अधिकारी की सक्रियता से सरकार की मुश्किलें बढ़ीं?
छत्तीसगढ़ में 2018 में भाजपा सरकार की हार के बाद उन्होंने अपना नया ठिकाना दिल्ली को बना लिया था। वहां उन्होंने अपने संबंधों को डॉ. रमन सिंह के सहारे भुनाने में सफलता हासिल की। मामला उस समय उलझ गया, जब नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया। महानिदेशक होने के नाते परीक्षा को नियमानुसार संपन्न कराने की पूरी जिम्मेदारी उनकी थी, लेकिन वे इस पूरे मामले में घिरते चले गए। जांच के बाद जब मामला तूल पकड़ने लगा, तो उन्हें पद से हटा दिया गया। अब वे फिर से अपने मूल कैडर में लौट आए हैं।

यहां लौटते ही वे एक बार फिर मुख्यमंत्री सचिवालय में रहकर अपनी चलाने की कोशिश में जुट गए हैं। भाजपा नेताओं से लेकर मंत्री तक उनके इस रवैये से परेशान बताए जा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आते ही उन्होंने आम लोगों को ऐसा करंट दिया कि बिजली पर मिल रही रियायत ही वापस ले ली गई। अब चुनाव में सरकार को तगड़ा करंट लगने की आशंका पैदा हो गई है। देखना यह है कि शुभबोध के फैसलों से सरकार की मुश्किलें कैसे दूर होती हैं और इन फैसलों का राजनीतिक असर कितना पड़ता है।

Check Also

दंतेवाड़ा के रिजर्व फॉरेस्ट में 3 KM तक फैला आयरन वेस्ट, NMDC की कथित लापरवाही पर वन विभाग करेगा केस

Dantewada NMDC Mining Negligence Case: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से खनन से जुड़ी बड़ी खबर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *