प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना वर्ष समारोह में स्मारक सिक्का जारी करते हुए युवाओं को बड़ी सोच रखने और असंभव लक्ष्यों को साधने का मंत्र दिया। इसके बाद पीएम मोदी बिहार में 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं व ‘नीतीश सेतु’ का दौरा करने और शाम को लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।
“मैं चुनौतियों को चुनौती देता हूं”: लिमिटिंग बिलीफ्स से बाहर निकलने का दिया मंत्र
अपने प्रेरक संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारा सामर्थ्य इससे तय होता है कि हम कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस करते हैं। उन्होंने कहा, “मेरे स्वभाव में है कि मैं चुनौती को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकता। मरी पड़ी सोच को जीने वाले लोग जिंदगी नहीं जी सकते।
अक्सर कुछ लोग अपनी सोच पर सीमा लगा देते हैं, जिसे ‘लिमिटिंग बिलीफ्स’ कहा जाता है- इसका मतलब अपने सपनों, टैलेंट और देश के सामर्थ्य को सीमित कर देना है।”
50 साल पहले सेमीकंडक्टर कंपनी को दिखाया गया लाल झंडा, आज भारत बना रहा हब
उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि जब उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया तो कई सवाल उठे कि इसकी क्या जरूरत है। उन्होंने खुलासा किया कि भारत में 50 साल पहले भी एक कंपनी सेमीकंडक्टर बनाने आई थी, लेकिन उस समय उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया था। पीएम ने कहा कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने स्वयं अफसरों के साथ बैठकर फाइलें तैयार करवाईं और आज महज चार वर्षों में देश में ढेर सारी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी शुरू हो चुकी हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों के डिटेंशन कैंप से लेकर बुलेट ट्रेन के युग तक IIT का सफर
बंगाल की धरती और संस्थान के गौरवशाली इतिहास को नमन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह संस्थान उसी जगह बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को डिटेन किया जाता था। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी यात्रा तब शुरू की थी जब देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था, और इसने 75 वर्षों में भारत को बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक तथा डाकपत्रों से सोशल मीडिया तक बदलते देखा है।
खराब मौसम में सड़क मार्ग से पहुंचे पीएम, देरी के लिए मांगी माफी और ‘हॉल्स’ की की तारीफ
संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कार्यक्रम में देरी से पहुंचने के लिए क्षमा मांगी और बताया कि खराब मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग से आना पड़ा। छात्रों से आत्मीयता जोड़ते हुए पीएम ने कहा कि दूसरे संस्थानों में हॉस्टल होते हैं, लेकिन आपके यहां ‘हॉल्स’ होते हैं और मुझे पता है कि हर छात्र को अपने हॉल पर कितना गर्व होता है। इससे पहले पीएम मोदी ने ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत 75 विद्यार्थियों और प्रोफेसरों से सीधा संवाद भी किया।
अगला पड़ाव बिहार और लखनऊ: 34,470 करोड़ की सौगात और 52 टॉपर्स का सम्मान
आईआईटी खड़गपुर के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी बिहार रवाना होंगे, जहां वे दोपहर करीब 1:15 बजे वैशाली जिले में ‘नीतीश सेतु’ का दौरा करेंगे और दोपहर 2 बजे करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
इसके पश्चात शाम करीब 5:30 बजे वे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे, जहां वार्षिक कौशल दीक्षांत समारोह में आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीआईओटी के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित करेंगे।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter