गुजरात में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंका, पति-पत्नी और बेटी की मौत

गुजरात के सूरत जिले में एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और उन्हें नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी और उनकी 9 साल की बेटी की मौत हो गई है। परिवार के 16 साल के बेटे और 2 साल के बच्चे का अब तक पता नहीं चल सका है। वहीं, 13 साल का एक लड़का तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में शामिल संदिग्ध परिवार के परिचित बताए जा रहे हैं।

13 साल के करण ने पाइप पकड़कर बचाई जान
पुलिस के मुताबिक, परिवार की गाड़ी को रोकने के बाद हमलावरों ने सभी छह सदस्यों को अलग-अलग वाहनों में बैठाया। इसके बाद उन्हें उकाई लेफ्ट बैंक नहर तक ले जाया गया और पानी में फेंक दिया गया।

13 साल के करण ने नहर में गिरने के बाद वहां मौजूद एक पाइप पकड़ लिया। इसी वजह से वह पानी के तेज बहाव में बहने से बच गया। कुछ देर बाद वह नहर से बाहर निकला और पास के पेट्रोल पंप पर पहुंचकर कर्मचारियों से मदद मांगी। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।

करण की जानकारी के आधार पर पुलिस ने परिवार की तलाश शुरू की। इसके बाद महाराष्ट्र के जलगांव में रहने वाली परिवार की बड़ी बेटी खुशी को बुलाया गया और उसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

पति-पत्नी और 9 साल की बेटी के शव मिले
पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने नहर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सूरत जिले के महुवा तालुका में डुंगरी के पास नहर से तीन शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान 45 वर्षीय नितिन उर्फ भुरिया पाटिल, उनकी पत्नी 38 वर्षीय कविता पाटिल और 9 साल की बेटी स्वीटी के रूप में हुई है। परिवार के दो बच्चे अभी भी लापता हैं। इनमें 15-16 साल का किशोर और दो साल का बच्चा शामिल है। उनकी तलाश के लिए नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

चार लोगों पर अपहरण और हत्या की कोशिश का आरोप
सूरत ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। शिकायत में खंडियो, आभा, बंटी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का नाम बताया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों और 13 साल के बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अपहरण, हत्या के प्रयास और अपराध में सहयोग से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कविता के पहले पति की हो चुकी थी मौत
जांच में सामने आया है कि कविता पाटिल के पहले पति संजय पाटिल का निधन हो चुका था। इसके बाद वह नितिन पाटिल के साथ रह रही थीं। पहले पति से उनके बच्चे थे और नितिन से उनका दो साल का एक बच्चा भी था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी और आरोपियों का उनसे क्या संबंध था। फिलहाल दो बच्चों की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।

Check Also

10-10 हजार रुपये में बैंक खाते खरीदकर देशभर में साइबर ठगी, रतलाम का मुख्य आरोपी इंदौर में गिरफ्तार

इंदौर में साइबर ठगी के लिए लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनका इस्तेमाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *