Breaking News

‘मैं किसी की पत्नी और मां बनकर रह गई थी’… तलाक की चर्चा के बीच सपना चौधरी ने बयां किया अपना दर्द

Sapna Choudhary Divorce: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी अक्सर अपने स्टेज शो और डांस को लेकर चर्चाओं में रहती हैं। हालांकि उनकी जिंदगी का निजी पहलू भी इन दिनों सुर्खियों में है। इस साल खबरें सामने आई थीं कि सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के रिश्ते में अनबन चल रही है और बात तलाक तक आ पहुंची। अब सपना ने खुद इन खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए पति से तलाक लेने की बात स्वीकार की है।

एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने अपने रिश्ते, प्यार और शादी के बाद बदली जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। उनके इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।

पति की बेवफाई पर सपना चौधरी ने कही ये बात
सपना चौधरी से पूछा गया कि उन्हें अपने पति से तलाक लेने की ज़रूरत क्यों महसूस हुई। उन्होंने जवाब दिया, “जब हालात अच्छे थे, तब हम साथ थे… अब जब हालात अच्छे नहीं हैं, तो हम साथ नहीं हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि अगर कोई शादीशुदा पुरुष अपनी पत्नी को धोखा देता है, तो वह इस बारे में क्या सोचती हैं? इस सवाल के जवाब में सपना ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो इंसान एक जगह से अपना मन नहीं भर सकता, वह कई जगहों पर भी ऐसा ही करेगा।

प्यार को लेकर सपना की सोच
प्यार के बारे में अपनी समझ बताते हुए उन्होंने कहा, “मेरा मानना ​​है कि प्यार सिर्फ शारीरिक नहीं होता; यह आत्मा से जुड़ा होता है। प्यार में भावनाएं शामिल होती हैं, लेकिन मुझे लगता है कि लड़के ज़्यादा व्यावहारिक होते हैं। लड़कियां अक्सर भावनाओं में बह जाती हैं।”

शादी के बाद खो बैठी थीं अपनी पहचान
इंटरव्यू के दौरान सपना चौधरी ने शादी के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “बिग बॉस से बाहर आने के बाद मेरी शादी हो गई। उस समय मैं काफी मशहूर थी। मैं एक बहुत अच्छी बहू रही। मैं एक बहुत अच्छी पत्नी और मां भी रही हूं, लेकिन उस समय मुझे ऐसा लगता था कि मैं बस किसी की पत्नी, किसी की मां या किसी की भाभी बनकर रह गई हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “उस समय, मैं रिश्तों में इतनी उलझ गई थी कि अपना ख्याल रखना ही भूल गई थी। लेकिन अब मुझे समझ आ गया है।” चौधरी ने बताया कि उन्होंने रिश्ते को जबरदस्ती चलाने की कोशिश की थी, लेकिन फिर उन्हें एहसास हुआ कि ऐसा नहीं हो पाएगा।

2020 में हुई थी वीर साहू से शादी
सपना चौधरी ने साल 2020 में हरियाणवी गायक और अभिनेता वीर साहू से शादी की थी। दोनों की शादी काफी निजी तरीके से हुई थी। बाद में इस कपल के दो बेटे हुए। सपना ने लंबे समय तक अपनी शादीशुदा जिंदगी को निजी रखा था।

हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आ रही थीं। अब सपना के तलाक की अर्जी देने संबंधी बयान के बाद यह साफ हो गया है कि उनका रिश्ता मुश्किल दौर से गुजर रहा है।

घरेलू हिंसा मामले में कोर्ट से मिली थी अंतरिम सुरक्षा
सपना चौधरी और वीर साहू के रिश्ते में तनाव की खबरें इसी साल जून में भी सुर्खियों में आई थीं। उस दौरान द्वारका स्थित महिला अदालत ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी।

दरअसल, सपना ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति कथित तौर पर उनके साथ मारपीट करते थे और सार्वजनिक जगहों पर भी हंगामा करते थे। उन्होंने यह भी बताया था कि वह अपने दोनों नाबालिग बच्चों के साथ पति का घर छोड़ चुकी हैं और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है।

सपना की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट, चोटों की तस्वीरों और कथित धमकियों से जुड़ी रिकॉर्डिंग पर विचार किया था। इसके बाद अदालत ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना के पास जाने, उनसे संपर्क करने और उनके घर या कार्यस्थल पर पहुंचने से रोक दिया था। यह आदेश फिल्म ‘मोमाकू’ के प्रीमियर से पहले दिया गया था, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

‘बिग बॉस 11’ से मिली थी देशभर में पहचान
सपना चौधरी हरियाणा की लोकप्रिय डांसर और सिंगर हैं। अपने डांस और गानों के दम पर उन्होंने देशभर में पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 11’ में हिस्सा लिया, जहां उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। हाल ही में वह रियलिटी शो ‘द 50’ में भी नजर आई थीं।

Check Also

TV Actor Anuj Thakur Death: 33 साल की उम्र में एक्टर का निधन, रात को खाना खाकर सोए, सुबह नहीं खुली आंख

Cardiac Arrest In Sleep: फेमस टीवी एक्टर अनुज ठाकुर ने 33 साल की उम्र में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *