CG Weather Update : बस्तर समेत इन इलाकों में होगी भारी बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की भी संभावना….

रायपुर: CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले ही बारिश, बादल गरजने और बिजली गिरने की गतिविधि बढ़ गई है. पिछले 24 घंटों में रायपुर, बस्तर समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई. नौपता के दूसरे दिन भी बारिश और ठंडी हवाओं के कारण गर्मी का असर लगभग खत्म हो गया. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और भारी वर्षा की संभावना भी बनी हुई है.

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में कुछ इलाकों में बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. सोमवार को सबसे ज्यादा गर्मी बिलासपुर में रही, यहां 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया.

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले तीन दिनों में इसके मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र के अतिरिक्त इलाकों, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों, आंध्र प्रदेश, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है.

मराठवाड़ा और उससे सटे क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके साथ ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है. इसके अतिरिक्त, एक और ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर सक्रिय है। इसी क्षेत्र से एक द्रोणिका रेखा तटीय आंध्र प्रदेश तक फैली हुई है, जो दक्षिण कोकण, मराठवाड़ा और तेलंगाना होते हुए गुजर रही है।

प्रदेश में आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और कहीं-कहीं भारी वर्षा की भी आशंका है. मुख्य रूप से बस्तर संभाग, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है.

राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और दुर्ग जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा और आंधी (40–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) की आशंका जताई गई है. इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. दिन में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है.

Check Also

CG Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का 12वां दिन, डिप्टी सीएम विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक करेंगे पेश

CG Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है. आज डिप्टी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *