धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ को लेकर भावुक हुआ देओल परिवार, सनी-बॉबी मुंबई में रखेंगे स्पेशल स्क्रीनिंग, इस दिन होगी रिलीज

Ikkis Film Special Screening: बॉलीवुड के मशहूर कलाकार और करोड़ों लोगों के चहेते दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया, जिससे भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया. कुछ ही दिनों में धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसे लेकर देओल परिवार काफी भावुक है. वहीं दिवंगत धर्मेंद्र को याद करते हुए परिवार फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए स्पेशल प्लान भी कर रहा है.

देओल परिवार फिल्म ‘इक्कीस’ का समर्थन कर रहा
श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘इक्कीस’ में धर्मेंद्र अगस्त्य के पिता का किरदार निभा रहे हैं. धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होने के कारण देओल परिवार के लिए यह और भी खास हो गई है. बता दें कि देओल परिवार फिल्म ‘इक्कीस’ का सक्रिय रूप से समर्थन कर रहा है और फैंस से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील भी कर रहा है.

‘इक्कीस’ की स्क्रीनिंग रखेंगे सनी और बॉबी
जानकारी के अनुसार, अभिनेता धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल अपने दिवंगत पिता की याद में फिल्म ‘इक्कीस’ की एक विशेष स्क्रीनिंग की योजना बना रहे हैं. इस कार्यक्रम का आयोजन अगले सप्ताह मुंबई में किया जाएगा. यह पल सनी और बॉबी देओल के साथ-साथ पूरे परिवार के लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला होगा, क्योंकि इसी अवसर पर वे अपने पिता को अंतिम बार बड़े पर्दे पर अभिनय करते हुए देखेंगे.

धर्मेंद्र ने फिल्म का पहला भाग देखा था
मीडिया से बातचीत के दौरान फिल्म ‘इक्कीस’ के निर्देशक श्रीराम राघवन ने बताया कि अपनी अस्वस्थता के बावजूद धर्मेंद्र ने फिल्म का पहला भाग यानी फर्स्ट हाफ देख लिया था. उन्होंने आगे कहा कि जब वे अक्टूबर में उनसे मिलने गए थे, तब उनकी स्थिति में कुछ सुधार था, किंतु वे पूरी तरह से स्वस्थ नहीं थे. निर्देशक ने भावुक होते हुए साझा किया कि धर्मेंद्र फिल्म का दूसरा भाग देखने के लिए काफी उत्सुक थे और उसका इंतजार कर रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा संभव न हो सका और वे हम सभी को छोड़कर चले गए.

परिवार के किसी भी सदस्य ने अभी फिल्म नहीं देखी
वहीं फिल्म के निर्माता दिनेश विजान ने बताया कि देओल परिवार के किसी भी सदस्य ने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है. उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि जब वे फिल्म देखेंगे, तो अपने पिता की याद में उनकी आंखें भर आएंगी. मैं बस यही कामना करता हूं कि आने वाली पीढ़ी अपने माता-पिता से उतना ही अगाध प्रेम करे, जितना सनी और बॉबी अपने पिता से करते थे.’

इस दिन रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ शहीद अरुण खेतरपाल के जीवन से प्रेरित है, जो भारत के सबसे कम उम्र में ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित होने वाले वीर योद्धा थे. वह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान मात्र 21 वर्ष की आयु में वीरगति को प्राप्त हुए थे. यह फिल्म नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Check Also

TV Actor Anuj Thakur Death: 33 साल की उम्र में एक्टर का निधन, रात को खाना खाकर सोए, सुबह नहीं खुली आंख

Cardiac Arrest In Sleep: फेमस टीवी एक्टर अनुज ठाकुर ने 33 साल की उम्र में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *