आरा। नवादा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने कस्टम विभाग के 67 वर्षीय रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह को गोलियों से भून दिया। बदमाशों ने उन्हें एक के बाद एक 8 गोलियां मारीं। वह बिहार क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष भी थे।
सुबह की सैर के दौरान वारदात को दिया अंजाम
राम कुमार सिंह रोज की तरह गुरुवार सुबह अपने बेटे के साथ टहलने जाने की तैयारी कर रहे थे। जब वे अपने गैरेज का गेट बंद कर रहे थे, तभी तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उस वक्त उनका बेटा कार के अंदर बैठा हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। राम कुमार सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद और पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप
मृतक के परिवार ने हत्या के पीछे भू-माफियाओं का हाथ बताया है। बेटे और पत्नी का आरोप है कि नगर थाना क्षेत्र के सिंगही मोड़ के पास उनकी 13 कट्ठा जमीन पर भू-माफिया कब्जा करना चाहते थे। इस मामले में पहले भी जान से मारने की धमकी मिली थी और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने मुफस्सिल थाना प्रभारी पर भू-माफियाओं की मदद करने और अंचलाधिकारी पर फर्जी कागजात बनाने के संगीन आरोप लगाए हैं। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आरा-पटना मेन रोड को 5 घंटे तक जाम रखा।
पुलिस की कार्रवाई और थानाध्यक्ष सस्पेंड
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अवधेश दीक्षित और एसडीपीओ सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों के आवेदन और लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter