विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिवस जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। उन्होंने बगिया हेलीपैड के पास स्थित आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटा और उनसे खुलकर बातचीत की।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आश्रम के बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। वे उनके आसपास एकत्र हो गए और उनसे सवाल-जवाब करते हुए खुशी से झूमते दिखे। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों से स्नेहपूर्वक संवाद किया, उनका हालचाल जाना और पढ़ाई पर ध्यान देने की प्रेरणा दी।

उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट वितरित कर जन्मदिन की खुशियों में सहभागी बनाया। बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को संदेश दिया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने सपनों को साकार करें और परिवार, समाज व प्रदेश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर विधायक गोमती साय सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आश्रम के शिक्षक-स्टाफ मौजूद रहे।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter