गुजरात के वलसाड और मेहसाणा में रफ्तार का कहर देखने को मिला, अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत, एक घायल

गुजरात में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि एक शख्स घायल हो गया। पहला हादसा गुजरात के मेहसाणा के ऊंझा हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वहीं वलसाड जिले के कपराड़ा तालुका स्थित कुंभघाट के पहाड़ी रास्ते पर हुए एक भीषण हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर आगे खड़े एक अन्य ट्रक में जा घुसी।

मेहसाणा जिले के ऊंझा हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। उनावा के पास एक तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार में सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

मेहसाणा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजस्थान के पाली जिले के भावनगर क्षेत्र का रहनेवाला एक परिवार विवाह समारोह में शामिल होकर खुशियां मनाकर वापस अहमदाबाद के रामोल लौट रहा था। जैसे ही उनकी ईको कार ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर उनावा के पास पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पूरी रफ्तार के साथ डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में जान गंवाने वालों में दो पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा शामिल है। हादसे में रामलाल लिखाजी कुमावत, कोमल मदनलाल कुमावत, कैलाशभाई रामलाल कुमावत और एक मासूम की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे कुमावत समाज और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

दूसरी तरफ, वलसाड जिले के कपराड़ा में कार में सवार लोग कपराड़ा तालुका के अंबा जंगल गांव के निवासी थे और वे नाना पोंडा की ओर जा रहे थे। जब कार कुंभघाट के ढलान वाले पहाड़ी रास्ते से नीचे उतर रही थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से जा टकराई।

वहीं स्थानीय एमएलए जीतू चौधरी ने घटना स्थल का दौरा किया और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कुंभघाट का यह मोड़ और ढलान वाला हिस्सा दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक, कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी मृतक एक ही क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे अंबा जंगल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Check Also

Motihari Crime News: 125 फरार अपराधियों पर 6.54 लाख का इनाम, 7 दिन में सरेंडर नहीं किया तो कुर्क होगी संपत्ति!

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *