Haryana Crime: हरियाणा के सोनीपत में क्रिप्टोकरेंसी निवेश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सात लोग जबरन एक घर में घुस गए और 62 वर्षीय महिला पर हमला कर बंदूक की बट से उसकी आंख गंभीर रूप से घायल कर दी। महिला के पति, बेटे और बहू के साथ भी लाठी-डंडों, ईंट और मुक्कों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर किया हमला
पीड़िता उर्मिला, निवासी देवनगर ककरोई रोड, के परिवार का आरोप है कि 21 जुलाई की शाम करीब 6 बजे सात लोग उनके घर पहुंचे। पहले पैसों के लेनदेन को लेकर बहस हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
उर्मिला का आरोप है कि एक आरोपी ने पहले उन्हें लात मारकर गिराया, फिर उनकी छाती पर पैर रखकर कपड़े फाड़ दिए और बंदूक की बट से आंख पर वार किया, जिससे उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्होंने बताया कि पड़ोसी बीच-बचाव नहीं करते तो उनकी जान भी जा सकती थी।
उर्मिला के परिजनों के साथ की गई मारपीट
हमले के दौरान उर्मिला के पति शिवचरण के सिर, चेहरे और जबड़े पर लाठी-डंडों से वार किए गए, जिससे वे बेहोश हो गए। बेटे अभिनव को भी छाती और कमर पर चोटें आईं, जबकि बहू प्रिया के साथ भी मारपीट की गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले सिविल अस्पताल तथा बाद में गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।
वीडियो में मारपीट करते दिखे आरोपी
वायरल वीडियो में शुरुआत पैसों और कमीशन को लेकर बहस से होती है। कुछ ही मिनटों में विवाद हाथापाई में बदल जाता है। वीडियो में महिला मदद के लिए “पुलिस को फोन करो” कहती सुनाई देती है, जबकि आरोपी लगातार मारपीट करते नजर आते हैं। महिला का आरोप है कि वीडियो में दिख रहे हमले के दौरान ही उसकी आंख पर बंदूक की बट से वार किया गया।
मुनाफे के लालच में किया था निवेश
पीड़िता के बेटे अभिनव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में गोहाना निवासी देवेंद्र के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी में करीब ₹8 लाख निवेश किए थे। हर महीने 3% रिटर्न का भरोसा मिलने के बाद रिश्तेदारों ने भी निवेश किया। उर्मिला की रिश्तेदार ममता ने करीब ₹3 लाख और गीता ने ₹8 लाख लगाए।
शुरुआत में निवेश पर भुगतान मिलता रहा, लेकिन वर्ष 2025 में पैसे मिलने बंद हो गए। इसके बाद निवेशकों ने रकम वापस मांगी। आरोप है कि मुख्य निवेश संचालक ने दावा किया कि सभी की रकम उर्मिला के खाते में भेज दी गई है, जबकि उर्मिला ने इसे पूरी तरह गलत बताया।
सात के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत
परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने घर पहुंचकर हमला किया। घटना में प्रमोद उर्फ मनसा, दिनेश, गीता, ममता सहित सात लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पीड़ित परिवार ने वायरल वीडियो, मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।
मामले की जांच जुटी पुलिस
सोनीपत सिटी थाना पुलिस ने उर्मिला, उनके पति शिवचरण और बेटे अभिनव की शिकायत व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter