छत्तीसगढ़ में बाढ़-बारिश का कहर! गरियाबंद में एनएच-130C बंद, कई गाड़ियां फंसी, त्रिवेणी संगम भी हुई लबालब

रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है. गरियाबंद जिले में पैरी नदी के उफान पर होने से नेशनल हाईवे-130C पिछले 24 घंटे से बंद है. सड़क पर जलभराव के कारण रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है.

गरियाबंद में NH-130C बंद
गरियाबंद में लगातार हो रही बारिश के चलते पैरी नदी उफान पर है। नदी का पानी पंटोरा के पास नेशनल हाईवे-130C पर फैल गया, जिससे हाईवे पर करीब 24 घंटे से आवाजाही बाधित है. सड़क पर जलभराव होने के कारण रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यात्री बसों समेत सभी वाहनों के पहिये थम गए हैं.

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे पर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि पानी कम होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें. वहीं प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर कम होने का इंतजार किया जा रहा है.

त्रिवेणी संगम भी हुई लबालब
वहीं बारिश के बीच गरियाबंद का प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम पूरी तरह जलमग्न होने लगा है. पैरी, सोंढूर और महानदी के बढ़ते जलस्तर से संगम के बीच स्थित भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है. श्रावण मास के पहले दिन यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम बन गया.

गरियाबंद जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है. पैरी, सोंढूर और महानदी लगातार उफान पर हैं, जिससे राजिम स्थित त्रिवेणी संगम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.

संगम के मध्य विराजमान भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव का प्राचीन मंदिर चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया है. बढ़ते जलस्तर के बीच मंदिर परिसर पूरी तरह जलमग्न हो चुका है. संयोग यह भी है कि श्रावण मास के प्रथम दिन तीनों नदियों के जल ने भगवान शिव का प्राकृतिक जलाभिषेक किया, जिसे श्रद्धालु विशेष धार्मिक महत्व से जोड़कर देख रहे हैं.

Check Also

CG News: राशन में लापरवाही पर CM साय सख्त! शिकायत मिलते ही कलेक्टर को फोन, पात्र परिवारों को तत्काल राशन देने के निर्देश

CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण में लापरवाही पर सीएम विष्‍णु देव साय ने सख्‍त …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *