जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की थी और उसमें दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
घायलों को इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन अलर्ट
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter