सरकारी भर्ती में गूगल फॉर्म के इस्तेमाल पर सवाल, आत्मानंद स्कूलों के 151 पदों के लिए निजी सर्वर पर आवेदन

रायपुर जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 151 संविदा पदों पर भर्ती के लिए जारी प्रक्रिया को लेकर डेटा प्राइवेसी पर सवाल उठने लगे हैं। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों से गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन मंगाए जा रहे हैं, जिससे निजी सर्वर पर व्यक्तिगत जानकारी जाने को लेकर चिंता जताई जा रही है।

जिले के 33 में से 31 स्कूलों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए कलेक्टर कार्यालय से विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थी गूगल फॉर्म लिंक के जरिए आवेदन कर सकते हैं, जबकि पंजीकृत डाक से भेजे गए आवेदन भी मान्य होंगे। 20 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 20 मार्च तक जारी रहेगी।

इन पदों में व्याख्याता, प्रधानपाठक प्राथमिक शाला, शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला, ग्रंथपाल, सहायक ग्रेड-3, भृत्य और चौकीदार शामिल हैं। चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा और प्रत्येक पद के लिए 10 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

गूगल फॉर्म के माध्यम से अभ्यर्थियों से नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, संपर्क विवरण सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगी जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में सामान्यतः एनआईसी, शासकीय पोर्टल या राज्य डेटा सेंटर का उपयोग किया जाता है। ऐसे में निजी प्लेटफॉर्म के उपयोग से डेटा सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

साइबर विशेषज्ञों का मत है कि सरकारी कार्यों के लिए सरकारी सर्वर का उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि संवेदनशील जानकारी थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म पर न जाए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया सुरक्षित है, डेटा चोरी का कोई खतरा नहीं है और इससे मेरिट सूची तैयार करने में सुविधा होती है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी।

Check Also

राजनांदगांव का हाल, शहर को गुलजार करने करोड़ों रुपए खर्च कर बनाए गए 45 उद्यान हो गए उजाड़…

राजनांदगांव। शहर वासियों को बेहतर उद्यान की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए भले ही नगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *