Durg: दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोरपा की प्रधान पाठक कल्पना सेन को हर्बल लाइफ कंपनी की नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सस्पेंड किया गया है.
वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दारगांव की शिक्षिका एलबी त्रिवेणी गोस्वामी को नियमित बीएड पाठ्यक्रम में उपस्थिति के मामले में पदीय दायित्वों की उपेक्षा का दोषी मानते हुए निलंबित किया गया.
बच्चों को पढ़ाने के बजाय हर्बल कंपनी का कर रही थी प्रचार
दरअसल, धमधा ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोरपा में पदस्थ प्रधान पाठक कल्पना सेन के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी कि वे नेटवर्क मार्केटिंग चिटफंड और हर्बल लाइफ कंपनी से जुड़कर उत्पादों एवं सेवाओं की बिक्री का व्यवसाय कर रही हैं. शिकायत पर धमधा बीईओ से जांच कराई गई.
जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन, दस्तावेजों और वीडियो/फोटोग्राफ्स के परीक्षण में कल्पना सेन का हर्बल उत्पाद नेटवर्किंग मार्केटिंग में आईडी होना तथा बैठकों में सम्मिलित होना प्रमाणित हुआ. प्रतिवेदन में उल्लेख है कि वे अध्यापन कार्य छोड़कर कंपनी की बैठकों और प्रचार-प्रसार में शामिल हो रही थीं तथा अन्य लोगों को कंपनी से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही थी. इसे शासकीय दायित्वों के प्रति गैर जिम्मेदाराना मानते हुए संयुक्त संचालक संभागीय कार्यालय दुर्ग ने उन्हें निलंबित कर दिया.
दारगांव स्कूल की शिक्षिका भी सस्पेंड
संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग ने धमधा ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दारगांव में पदस्थ शिक्षक एलबी त्रिवेणी गोस्वामी को भी निलंबित किया है. जानकारी के अनुसार सत्र 2024-15 में स्कूल में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के दौरान उन्होंने उसी वर्ष 2014-15 में भिलाई नायर समाजम कॉलेज सेक्टर-8 भिलाई में नियमित बीएड पाठ्यक्रम की अतिरिक्त कक्षाओं में सम्मिलित होकर परीक्षा उत्तीर्ण की.
मामला संज्ञान में आने पर 13 अक्टूबर 2025 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. जवाब में उन्होंने एक ही वर्ष में स्कूल में उपस्थित रहते हुए नियमित बीएड पाठ्यक्रम पूर्ण करना स्वीकार किया. इसे लापरवाही और पदीय दायित्वों की उपेक्षा मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter