हत्या या फिर… संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, ग्रामीणों ने पुलिस चौकी को घेरा

चंदौली। मुगलसराय पढ़ाव के जलीलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मढ़िया गांव में एक युवक का रक्त रंजित शव मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान सुजाबाद निवासी रोहित साहनी के रूप में हुई है। उनका शव एक आम के बगीचे में ईंटों के ढेर के बीच गंभीर चोटों के निशान के साथ मिला था। जानकारी के अनुसार, रोहित साहनी शादी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। वृंदा वाटिका में काम कर रहे मजदूरों ने उनका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

अपराधों के खिलाफ अपना विरोध जताया
सीसीटीवी फुटेज से हत्या के संकेत मिलने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं जलीलपुर पुलिस चौकी पहुंच गईं और सुबह पुलिस चौकी का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने शासन-प्रशासन से हत्यारे को कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में कोई ठोस जानकारी नहीं दे रही है। ग्रामीणों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय पढ़ाव) में बढ़ते अपराधों के खिलाफ भी अपना विरोध जताया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
महिलाओं के धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली और क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर आक्रोशित महिलाओं को शांत कराया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। यह घटना हाल ही में हुए दवा व्यापारी हत्याकांड के बाद सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

चंदौली जिले में लगातार हो रही हत्याओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले कुछ समय में कई गंभीर अपराध हुए हैं, जिनमें 18 नवंबर को दवा कारोबारी रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या, 23 नवंबर को सैयदराजा थाना क्षेत्र में पीयूष सिंह की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, और 11 नवंबर को अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा गांव में ईंट से कुचलकर एक युवक की हत्या शामिल है। इसके अलावा, 31 अक्टूबर को अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसरोवर तालाब में 29 वर्षीय अमित कुमार का शव मिला था, जिसकी पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया था। अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 6 वर्षीय मासूम की हत्या कर शव को भूसे में छिपा दिया गया था। इन लगातार हो रही वारदातों से चंदौली के व्यापारी, किसान और आम नागरिक दहशत में हैं।

Check Also

नीट पेपर लीक मामले पर राघव चड्डा ने तोड़ी चुप्‍पी, संसद में बताई अब तक चुप रहने की वजह

Raghav Chaddha: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगभग 40 दिनों तक प्रदर्शन चला, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *