महिला ने प्रेमी संग मिलकर रची साजिश, सड़क हादसा दिखाकर की पति की हत्या, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज को झारखंड के गढ़वा से जोड़ने वाले मार्ग पर पांच जून को पिकअप की टक्कर से हुई कार्यालय सहायक श्रीकांत रवि की मौत का मामला हत्या निकला है. रंका पुलिस ने जांच के बाद दावा किया कि श्रीकांत को साजिश के तहत रास्ते से हटाया गया था. मामले में उसकी पत्नी, पत्नी के प्रेमी और पिकअप चालक को गिरफ्तार किया गया है.

रंका के एसडीओपी रोहित रंजन सिंह के अनुसार, श्रीकांत की पत्नी मनीषा ने अपने प्रेमी मोहम्मद हसन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों श्रीकांत को रास्ते से हटाकर एक साथ रहना चाहते थे.

किराएदार से बने प्रेम संबंध
श्रीकांत और मनीषा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं. कुछ समय पहले विजयनगर निवासी मोहम्मद हसन श्रीकांत के घर किराए पर रहने लगा था. इसी दौरान मनीषा और हसन के बीच संबंध बन गए. श्रीकांत को इसकी जानकारी हुई तो दंपती के बीच विवाद बढ़ने लगा. मनीषा पिछले कुछ समय से अपने मायके चिनियां में रह रही थी.

एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी
पुलिस के अनुसार, श्रीकांत की हत्या के लिए रंका क्षेत्र के बांदू गांव निवासी पिकअप चालक परवेज अंसारी को एक लाख रुपये देने की बात तय हुई थी. आरोप है कि उसे ऑनलाइन माध्यम से रकम भी भेजी गई.

घटना वाले दिन मनीषा ने फोन कर श्रीकांत को चिनियां बुलाया. वह अपाचे मोटरसाइकिल से वहां जा रहा था. आरोप है कि मोहम्मद हसन, इमरान अंसारी और असराज अंसारी अर्टिगा कार से उसका पीछा कर रहे थे, जबकि पिकअप चालक परवेज भी उनके साथ था.

बरवाहा मोड़ पर मारी टक्कर
बरवाहा मोड़ के पास पिकअप ने श्रीकांत की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.

तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
श्रीकांत की मां शांति देवी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल टावर लोकेशन की जांच में आरोपितों की मौजूदगी घटनास्थल के आसपास मिली. इसके बाद मनीषा, मोहम्मद हसन और परवेज अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले के दो अन्य आरोपी इमरान अंसारी और असराज अंसारी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

Check Also

रिटायरमेंट के बाद ग्रेच्युटी से वसूली पड़ी भारी: वन विभाग को हाईकोर्ट से झटका, कर्मी को राशि लौटाने का आदेश

पिथौरा। सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी से राशि काटना वन विभाग को भारी पड़ गया। छत्तीसगढ़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *