दिल्ली पुलिस ने 45 दिन पहले जिसे भेजा था बांग्लादेश, फिर छापे में उसी घर से पकड़ाया, सामने आई अजब कहानी

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने एक बार फिर उसी ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया है, जिसे लगभग 45 दिन पहले अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में बांग्लादेश भेजा गया था. यह ट्रांसजेंडर, सुहान खान (30), न केवल दिल्ली लौट आया, बल्कि उसी क्षेत्र में वापस पहुंच गया, जहां से उसे पहले पकड़ा गया था. पुलिस ने उसके साथ छह अन्य लोगों को भी अवैध निवास के आरोप में हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, सुहान खान शालीमार बाग में भीख मांग रहा था, जिसके चलते 30 जून को इस इलाके में छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया गया.

पहले मई में किया गया था सुहान
हैरानी की बात यह है कि सुहान उन 300 बांग्लादेशी नागरिकों में से एक था, जिन्हें मई में गिरफ्तार किया गया. उन्हें जून के पहले हफ्ते में हिंडन एयरबेस से उड़ान के माध्यम से त्रिपुरा के अगरतला ले जाया गया, और वहां से बांग्लादेश की सीमा पर डिपोर्ट किया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 15 मई को उत्तर-पश्चिम दिल्ली में सुहान को पहली बार गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के हवाले कर दिया गया.

पहले नाटक किया, फिर अंधेरे का फायदा उठाया
पुलिस के अनुसार, डिपोर्ट होने के बाद सुहान ने मानसिक अस्वस्थता का नाटक किया और कुछ दिनों तक त्रिपुरा की सीमा पर भटकता रहा. इसके बाद, उसने रात का लाभ उठाकर फिर से भारत में प्रवेश किया. वह पहले अगरतला से दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचा और फिर उसी शालीमार बाग क्षेत्र में लौट आया, जहां वह पहले रहता था और भीख मांगता था.

मोबाइल में मिला प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) भीष्म सिंह ने जानकारी दी है कि 30 जून को सहान सहित सात व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया. जांच के दौरान तीन स्मार्टफोन बरामद हुए, जिनमें एक प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप पाया गया. यह ऐप इन लोगों द्वारा बांग्लादेश में अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए उपयोग किया जा रहा था.

5 ट्रांसजेंडर भीख मांगते पाए
पुलिस ने बताया कि सुहान सहित पांच ट्रांसजेंडर शालीमार बाग क्षेत्र में भीख मांगते हुए पाए गए. पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने आपको भारतीय नागरिक बताया, लेकिन दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद उनका यह दावा गलत साबित हुआ. इसी क्षेत्र से एक पुरुष और एक महिला को भी अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जो बिना वैध दस्तावेजों के यहां रह रहे थे.

7 लोगों से की जा रही है पूछताछ
पुलिस ने बताया है कि दिल्ली सहित कई मेट्रो शहरों में अवैध रूप से प्रवेश कर चुके विदेशी नागरिकों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके. वर्तमान में सभी सात विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए FRRO और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है.

Check Also

Budhni News: नेशनल हाईवे-46 के डिवाइडर पर मिला वन विभाग के कर्मचारी का शव, परिजनों ने वनरक्षक पर लगाया हत्या का आरोप

बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी बड़ी खबर सामने आई है। यहां रातापानी के बरखेड़ा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *