Breaking News

CG News : एसईसीएल दीपका खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत, परिजनों के साथ ड्राइवरों ने कंपनी के मुख्य द्वार को किया जाम, काम ठप

कोरबा। एसईसीएल की दीपका खदान में एक युवा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं आक्रोशित परिजनों के साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के गेट पर चक्का जाम कर दिया, जिससे खदान का काम ठप हो गया है और मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कलिंगा कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वह मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी करने खदान पहुंचा था। इसी दौरान संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह से परिजनों और साथी ड्राइवरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य गेट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान खदान का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को दबाने के लिए कंपनी के कुछ कथित दलाल और बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल सांत्वना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लिखित गारंटी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए, हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए।

वहीं दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Check Also

भैया ने कहा था, राखी में घर आउंगा : आतंकी हमले में मारे गए भूपेंद्र की बहन की करुण पुकार, कलेक्टर ने दी सांत्वना

बिलाईगढ़। जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव निवासी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *