जमुई के खैरा में बेखौफ अपराधियों का तांडव: बालू घाट कर्मी पर जानलेवा हमला, पांच लाख की लूट

जमुई। जिले के खैरा प्रखंड मुख्यालय के समीप सोमवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। हथियारबंद अपराधियों ने एक बालू घाट के चालान सेंटर को निशाना बनाते हुए पांच लाख रुपये नकद लूट लिए। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने दो कर्मियों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

​क्या है पूरा मामला?
घायल कर्मियों के अनुसार देर रात लगभग सात की संख्या में अपराधी बाइक पर सवार होकर चालान सेंटर पहुंचे। किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले ही बदमाश अंदर घुस गए और नकदी लूटने लगे। जब सेंटर पर मौजूद कर्मियों ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घायल कर्मियों की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति कुमार और छपरा जिला निवासी अनिल सिंह के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

​पुलिस की कार्रवाई और साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से जांच शुरू की है। सूत्रों के अनुसार मौके से एक मैगजीन भी बरामद हुई है जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।

​दहशत का माहौल, संदिग्ध हिरासत में
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और स्थानीय बालू कारोबारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध भूमिका के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है और जल्द ही इस वारदात का पूरा खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Check Also

पटना में बड़ा हादसा: 30 फीट गहरे मैनहोल में फंसे दो मजदूर, घंटों रेस्क्यू के बाद एक ने तोड़ा दम

​पटना। राजधानी के श्री कृष्णा पुरी थाना क्षेत्र स्थित एएन कॉलेज पानी टंकी के पास …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *