राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी मंदिर के पास शुक्रवार को एक भोजनालय में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मंदिर के निकास मार्ग पर कला भवन धर्मशाला के सामने स्थित नंद भोजनालय में लगी। घटना के समय इलाके में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग की लपटें देखकर वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पाटोत्सव के चलते खाटूश्यामजी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
खाटूश्यामजी में शुक्रवार को वार्षिक पाटोत्सव के चलते लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी है। ऐसे में मंदिर के निकास मार्ग के पास आग लगने की घटना से प्रशासन की चिंता बढ़ गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए, ताकि भगदड़ या किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
मंदिर का निकास मार्ग बंद, गुवाड़ चौक से निकाले गए श्रद्धालु
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन ने मंदिर का निकास मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया। श्रद्धालुओं को गुवाड़ चौक की तरफ से बाहर निकालने की व्यवस्था की गई। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं और भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter