Breaking News

Blackmailing: होटल में नशीला पदार्थ देकर बनाया वीडियो, करनाल में नवविवाहिता और पति को युवक दे रहा धमकी

हरियाणा के करनाल के मूनक इलाके की नवविवाहिता ने अपने पुराने परिचित पर बेहद गंभीर आरोप लगाकर कहा कि शादी के बाद भी आरोपी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है, उसका पीछा कर रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दे रहा है। महिला के अनुसार आरोपी ने पहले भी उसे धोखे से नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था और उस दौरान कुछ आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें बना ली थीं, जिनके बल पर अब वह ब्लैकमेलिंग का खेल खेल रहा है।

झांसा देकर होटल ले गया
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब दो माह पूर्व ही उसका विवाह हुआ है। शादी से पहले उसके ही गांव के एक युवक के साथ उसकी सामान्य बोलचाल थी। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर वह युवक उसे बहला-फुसलाकर सफीदों स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोस हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए और चुपके से निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

पंचायत और माफीनामे के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि इन अश्लील वीडियो के सार्वजनिक होने के डर से वह सहमी रही। इस बीच आरोपी अपने कुछ मित्रों के साथ उसे एक कार में जबरन बैठाकर भी ले गया था। जब यह पूरी बात दोनों पक्षों के परिवारों और रिश्तेदारों तक पहुंची तो आरोपी युवक और उसके सगे-संबंधियों ने अपनी गलती स्वीकार कर लिखित व मौखिक रूप से क्षमा मांगी।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में ऐसी कोई हरकत नहीं होगी और सभी वीडियो व फोटो को पूरी तरह डिलीट कर दिया गया है। सामाजिक लोक-लाज और इसी आश्वासन के भरोसे आकर पीड़िता तथा उसके पिता ने उस वक्त कोई कानूनी कदम नहीं उठाया।

विवाह के बाद फिर शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी और वह अपने ससुराल आ गई लेकिन आरोपी की नीयत में कोई सुधार नहीं आया था। विवाह के कुछ ही दिनों बाद आरोपी ने इन्स्टाग्राम पर एक नया छद्म अकाउंट तैयार किया। इस अकाउंट से उसने नवविवाहिता और उसके पति को संदेश भेजने आरंभ कर दिए। वह एक बार फिर उन्हीं पुराने वीडियो का हवाला देकर महिला पर अनुचित दबाव बनाने लगा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

दंपत्ति की जान को खतरा
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उसका आरोप है कि जब भी उसका पति व्यवसाय या किसी कार्य से करनाल की तरफ आता-जाता है, तो मुख्य आरोपी, उसका चचेरा भाई और एक अन्य साथी अलग-अलग वाहनों से उसका पीछा करते हैं। इतना ही नहीं, ये लोग पीड़िता के ससुराल के आस-पास भी संदिग्ध गाड़ियों में मंडराते रहते हैं, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। महिला ने साफ कहा है कि उसे और उसके पति को इन लोगों से अपनी जान का सीधा खतरा महसूस हो रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
तंग आकर पीड़िता ने न्याय के लिए बल्लाह पुलिस चौकी में गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मूनक थाने की सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रीटा को इस केस की कमान सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है।

Check Also

TMC नेता मदन मित्रा के कई ठिकानों पर ED की रेड, अभिषेक बनर्जी के भी घर पहुंचे पुलिस और सेंट्रल फोर्स के जवान

Kolkata: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक मदन मित्रा के घर पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *