Breaking News

राम मंदिर दान चोरी पर भड़के महंत दिनेंद्र दास, बोले- दोषियों को मिले फांसी की सजा

Ayodhya Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले को लेकर संत समाज का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने इस पूरे प्रकरण पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भगवान के चरणों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई राशि में हाथ डालने वालों के लिए किसी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए. उनका कहना है कि ऐसे लोगों को सीधे फांसी जैसी कठोर सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके.

महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि राम भक्त अपनी श्रद्धा और विश्वास से मंदिर में दान करते हैं। यह धन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि भगवान का होता है. ऐसे में यदि कोई इस धन का दुरुपयोग करता है या उसमें चोरी करता है तो वह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला है. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए.

दिनेंद्र दास ने की न‍िष्‍पक्ष जांच की मांग
महंत दिनेंद्र दास ने जांच एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष और तेज जांच करने की अपील करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सामने आनी चाहिए. उनका मानना है कि चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के सामने सभी बराबर हैं और किसी को भी बचाया नहीं जाना चाहिए.

लगातार हो रही छापेमारी
राम मंदिर दान चोरी प्रकरण सामने आने के बाद जांच लगातार तेज की जा रही है. अलग-अलग आरोपियों से पूछताछ के साथ कई स्थानों पर छापेमारी भी की गई है. जांच के दौरान नकदी और अन्य सामान बरामद होने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संत समाज, सामाजिक संगठनों और आम श्रद्धालुओं में भी नाराजगी देखी जा रही है.

महंत दिनेंद्र दास ने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेंगी और दोषियों को कानून के मुताबिक सख्त सजा मिलेगी. उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.

Check Also

Bihar EOU Raid: इंजीनियर के 5 ठिकानों पर एक साथ छापा, एक घर से ₹50 लाख कैश मिलने की सूचना; ₹83.53 लाख की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

पटना। बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *