Breaking News

सूरजपुर के विशाल मेगा मार्ट में पास्ता पैकेट के अंदर मिले कीड़े, कलेक्टर के आदेश पर स्टॉक सील

CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर शहर में विशाल मेगा मार्ट में बिक रहे खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. नया बना मेगा मार्ट खुलते ही विवादों में घिर गया है. जहां ग्राहकों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ करते हुए कीड़े लगे पास्ता बेचने का मामला सामने आया है.

पास्‍ता के पैकेट में मिले कीड़े
मार्ट में शॉपिंग करने पहुंची एक महिला ग्राहक के उस वक्त होश उड़ गए, जब अन्य सामान के साथ उठाए गए पास्ता के पैकेट को ध्यान से देखने पर उसमें कीड़े नजर आए. महिला ग्राहक ने बताया कि जब उन्होंने इसकी शिकायत काउंटर पर मौजूद कर्मचारी से की, तो उसने पैकेट हटा देने की बात कही, लेकिन उसने उसे हटाया नहीं बल्कि एक पैकेट उठाकर दूसरी जगह रख दिया और उसके ऊपर दूसरे पैकेट रख दिए.

कलेक्टर से की मामले की शिकायत
इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए महिला ग्राहक ने कहा कि इस तरह से लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है और इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. ग्राहक की ओर से इसकी शिकायत फोन के माध्यम से कलेक्टर से की गई, जिसके बाद कलेक्टर के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल विशाल मेगा मार्ट में दबिश दी.

खाद्य विभाग ने सील किया स्‍टॉक
इस दौरान मौके पर जांच के लिए पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि ग्राहक द्वारा फोन के माध्यम से पास्ता में कीड़े होने की शिकायत मिली थी, जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए जांच की और इस दौरान कई पैकेट में कीड़े स्पष्ट रूप से दिखाई दिए. अधिकारी ने भी माना कि खाद्य सामग्री में इस तरह कीड़े मिलना गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए.

फिलहाल टीम ने संदिग्ध स्टॉक को सील बंद कर जब्त कर लिया है और जांच के लिए सैंपल लिए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए लैब भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद मार्ट प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

18 साल पहले पैरोल पर जेल से निकला कैदी नहीं लौटा, अब रायपुर में हत्या के दोषी के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी 18 साल पहले पैरोल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *