साहस की मिसाल: 35 फीट गहरे कुएं में उतरे संजय, मजदूर की बचाई जान

मुगलसराय। देर रात करीब 1:30 बजे जसुरी स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति लगभग 35 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पीआरवी, कोतवाली पुलिस, कस्बा चौकी प्रभारी और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। प्रशासन की मौजूदगी में एक स्थानीय युवक ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए कुएं में उतरकर व्यक्ति की जान बचा ली।

कुएं के पास बैठकर पी रहा था शराब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल व्यक्ति कुएं के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कुएं में सीढ़ी डाली। राहत की बात यह रही कि कुएं में पानी नहीं था, जिससे रेस्क्यू अभियान अपेक्षाकृत आसान रहा।

घायल को सुरक्षित बाहर निकाला
इसी बीच चंदौली निवासी स्थानीय युवक संजय ने बिना किसी हिचकिचाहट के सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरने का फैसला किया। नीचे पहुंचकर उसने बेहोश पड़े व्यक्ति के चेहरे पर पानी का छिड़काव किया, जिससे उसे होश आ गया। इसके बाद संजय और राहत टीम के सहयोग से घायल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी पहचान आंध्र प्रदेश निवासी एक कारीगर (लेबर) के रूप में हुई है, जो चंदौली न्यायालय के निर्माण कार्य में कार्यरत बताया गया है।

स्थानीय लोगों की जमकर सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संजय की बहादुरी की जमकर सराहना की। कोतवाली इंस्पेक्टर विनदेश्वरी पांडेय ने भी युवक के साहसिक कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में दिखाई गई उसकी हिम्मत मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संजय समय रहते कुएं में नहीं उतरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Check Also

कोर्ट में विधायक अनंत सिंह और अभिनेता गुंजन सिंह का सरेंडर, मिली जमानत

गोपालगंज। सिविल कोर्ट में सोमवार को उस वक्त भारी चहल-पहल और गहमागहमी देखने को मिली …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *