Jharkhand Crime: बेटे की मौत के बाद अंधविश्वास का खौफनाक आरोप, बुजुर्ग सीताराम रविदास की हत्या से पलामू में सनसनी

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगरडीहा गांव में झाड़-फूंक करने के आरोप में बुजुर्ग सीताराम रविदास की कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी परिवार के सदस्य फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बेटे की मौत के बाद बुजुर्ग पर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मंगरडीहा गांव निवासी महंग राम के बेटे विवेक कुमार की तबीयत खराब थी। उसे इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई।

विवेक की मौत के बाद बुधवार सुबह महंग राम के परिवार के सदस्य सीताराम रविदास के घर पहुंचे। आरोप है कि परिवार के लोगों ने मिलकर बुजुर्ग पर हमला किया और फिर उनका गला काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सीताराम पर झाड़-फूंक करने का आरोप लगाया गया था।

40 साल से ससुराल में रह रहे थे सीताराम
मृतक की पहचान सीताराम रविदास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव के रहने वाले थे। पिछले करीब 40 वर्षों से वह अपने ससुराल मंगरडीहा गांव में रह रहे थे।

पुलिस की छापेमारी, आरोपी परिवार फरार
घटना की सूचना मिलने पर नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे अंधविश्वास और झाड़-फूंक से जुड़ा आरोप सामने आया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद से आरोपी परिवार के सदस्य फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अंधविश्वास के चलते हुई इस कथित हत्या ने गांव में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

Check Also

क्रिकेट और 400 रन

क्रिकेट खेल में कहा जाता है कि रिकॉर्ड बनते ही टूटने के लिए है लेकिन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *