छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने घर के सामने खेल रहे दो मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद से इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना जुन्नारदेव के वार्ड नंबर 18 सुकरी की है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे दो मासूम बच्चे केतन और रिकल अपने घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान परासिया की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे घर के सामने खेल रहे बच्चों को कुचलता हुआ मकान की दीवार में जा घुसा। इस टक्कर से घर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल ले जाते समय एक की मौत
घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और पड़ोसियों ने भारी मशक्कत के बाद लहूलुहान बच्चों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। बच्चों के सिर, पेट और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। आनन-फानन में दोनों को जुन्नारदेव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
चालक गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर ही मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक सुमित यादव को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter