Ranchi Student Protest: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. आंदोलन के 14वें दिन सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच देर रात हुई अहम वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी. बातचीत विफल होने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा. दूसरी तरफ आंदोलन को सीजेपी का साथ मिल गया है. पार्टी ने देर रात रांची मदद भेजी है.
सरकार की पहल पर छात्र प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों के बीच कई दौर की चर्चा हुई. छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की स्वतंत्र जांच, दोषियों पर कार्रवाई, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जैसी मांगों पर अड़े रहे. हालांकि, देर रात तक चली बातचीत के बावजूद किसी सहमति पर मुहर नहीं लग सकी.
बातचीत विफल होने के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्रों ने कहा कि सरकार केवल आश्वासन दे रही है, जबकि उन्हें लिखित और समयबद्ध कार्रवाई चाहिए. छात्रों का कहना है कि आंदोलन अब पहले से अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगा. आगे की रणनीति जल्द घोषित की जाएगी.
देशभर से मिल रहा आंदोलन को साथ
इस बीच, आंदोलन को देशभर से समर्थन भी मिल रहा है. लगातार बारिश के बावजूद छात्र धरना स्थल पर डटे हुए हैं. विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. इससे आंदोलन का मनोबल और मजबूत हुआ है. कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने खराब मौसम में डटे प्रदर्शनकारियों के लिए रेनकोट भेजे हैं. सीजेपी का नेतृत्व आज रांची पहुंचकर छात्रों से मुलाकात करेगा.
सरकार के फैसले पर सबकी निगाहें
उधर, JPSC-JSSC भर्ती विवाद अब राजनीतिक मुद्दा भी बन चुका है. विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने इस मामले को जोरदार तरीके से उठाया और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई.
अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम पर है. देर रात की वार्ता के विफल रहने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि यदि जल्द कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter