Breaking News

चक्रवात ‘अक्वान’ का ओडिशा की ओर बढ़ा खतरा, 46,700 से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

Odisha Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान 20 नवंबर को ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। IMD के मुताबिक, तूफान के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक झोंके आने की आशंका है। ओडिशा में राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अक्वान ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के गुरुवार सुबह जारी बुलेटिन के मुताबिक, तूफान उत्तर दिशा की ओर करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। सुबह 5:30 बजे यह गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 590 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्वान 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर सकता है। इसके गोपालपुर के पूर्व में तट पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

ओडिशा में अलर्ट, 46 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने तटीय और संवेदनशील इलाकों में तैयारियां तेज कर दी हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य में 46,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

राजधानी भुवनेश्वर सहित कई इलाकों में मौसम बदलने लगा है। तटीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

छह जिलों में स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने एहतियाती कदम उठाए हैं। गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा और कंधमाल जिले में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया गया है। वहीं खुर्दा जिले में 19 और 20 नवंबर को शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। मलकानगिरि में भी 19 और 20 नवंबर को संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

समुद्र में ऊंची लहरें, मछुआरों को अलर्ट
चक्रवात के असर से समुद्र में हलचल बढ़ गई है। IMD के तटीय मौसम बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण ओडिशा के तट पर समुद्र की स्थिति बहुत अशांत से ऊंची लहरों वाली रह सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। पहले से समुद्र में मौजूद मछुआरों को सुरक्षित लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

11 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा के 11 जिलों में 19 और 20 नवंबर के दौरान भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें मलकानगिरि, कोरापुट, रायगढ़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट और निचले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की अपील की है।

Check Also

तिलक समारोह से लौटते वक्त मौत बनकर आई स्कॉर्पियो, नहर में डूबने से एक ही गांव के 6 लोगों की मौत

बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *