Breaking News

रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के कथित रैकेट का खुलासा, डॉक्टर समेत 3 और गिरफ्तार; 23 बच्चों का मामला जांच के घेरे में

रायपुर। नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल के डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, एक पुरुष नर्स तथा कृतिका के लिव इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। जिस अस्पताल के डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहां इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक महज तीन डिलीवरी हुई है, लेकिन उस अस्पताल से 26 नवजातों के जन्म प्रमाणपत्र बने हैं।

23 बच्चों की खरीद-फरोख्त का आरोप
आरोपी इस 11 महीने की अवधि में 23 बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुके हैं। पुलिस प्रकरण की जांच में आने वाले दिनों में नवजात की अवैध खरीद – फरोख्त में शामिल और आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है। पुलिस ने डॉक्टर खिर सिंधु के साथ पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव, कृतिका के लिव इन पार्टनर अश्विनी शर्मा को गिरफ्तार किया है। इसके पूर्व घटना में शामिल तथा नवजात खरीद फरोख्त की मास्टर माइंड कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव तथा गीतिका नाग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

ऐसे खुला पूरा कांड
आरोपियों ने ओडिशा, सुंदरगढ़ की गर्भवती महिला को मुफ्त में डिलीवरी कराने का झांसा देकर रायपुर में उनकी डिलीवरी कराई और नवजात का आठ लाख रुपए में सौदा किया था। नवजात को बेचने से इनकार करने पर आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर उससे पैसों की मांग कर रहे थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने इस गैंग को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

सौ से ज्यादा नवजातों की खरीद फरोख्त की आशंका
आरोपियों द्वारा तीन से चार साल के बीच सौ से ज्यादा नवजातों की खरीद-फरोख्त करने की पुलिस को आशंका है। पुलिस ने अभी इस एक साल की अस्पताल के रिकार्ड की जांच की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर उनसे और पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर जैसे-जैसे नार तथ्य सामने आएंगे, पुलिस उन तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।

गुजरात से लेकर कई राज्यों में नवजातों की बिक्री
आरोपियों ने नवजातों की बिक्री गुजरात के अहमदाबाद, राजस्थन के अलग-अलग शहरों के साथ महाराष्ट्र, तेलंगाना सहित कई राज्यों में की है। नवजात को छोड़ने प्रकाश, अश्वनी के अलावा कृतिका जाती थी।

लड़की का पांच, लड़के का आठ लाख में सौदा
नवजातों का सौदा करने आरोपियों ने अलग-अलग रेट फिक्स किए थे। आरोपी लड़की होने पर उनका सौदा चार से पांच लाख तथा लड़का होने पर उसका सौदा छह से आठ लाख रुपए में करते थे। इसके अलावा नवजात का कलर फेयर रहने पर आरोपी सौदे की रकम और बढ़ा देते थे। आरोपी गर्भवती गरीब महिला, अविवाहित युवती के साथ ऐसी महिला को चुनती थी, जिसका पति शराबी हो उन्हें अपने झांसे में लेकर नवजात बेचने राजी करते थे। इसके एवज में उन्हें महज 40 से 50 हजार रुपए देते थे। अविवाहित गर्भवती युवतियों की डिलीवरी कराने के बाद उनसे राज छिपाने पैसों की डिमांड करते थे।

रजिस्टर जब्त किया गया
डीसीपी वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि अस्पताल से एक रजिस्टर जब्त किया गया है, रजिस्टर में 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की जानकारी मिली है। जिन दंपती के नाम से जन्म प्रणाणपत्र बनाए गए हैं, उसकी जांच की जा रही है। जिन बच्चों के नाम से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए गए हैं, उनमें सभी दूसरे राज्य के दंपती हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका
डॉक्टर खिर सिंधु – आरोपी द्वारा नवजात शिशु के क्रेता (लाभार्थी) को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किया जाता था तथा वह डिस्चार्ज टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को प्रदान किया जाता था। आरोपी द्वारा वर्ष 2026 में कुल 3 डिलीवरी होने तथा 26 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज एवं ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जप्त किया गया है।

इनकी भी रही ऐसी भूमिका
प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा – आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का कार्य करता था तथा आरोपी अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या महानंद एवं अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त था। आरोपियों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश कर उन्हें प्रसव हेतु अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। इसके पश्चात नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा कर उससे प्राप्त रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था। आरोपी अश्वनी शर्मा द्वारा नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में रकम के लेन-देन का कार्य किया जाता था। प्रकरण की प्रार्थिया को भी इसी प्रकार प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Check Also

कोंडागांव में नक्सलियों के छिपे डंप का खुलासा, हैंड ग्रेनेड-जिलेटिन समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

कोंडागांव। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *